इंदौर में फेसबुक फ्रेंड ने की डॉक्टर से धोखाधड़ी:बेचने के लिए दी कार को रख दिया गिरवी, अब ना कार दे रहा, ना रुपए, केस दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर की राजेन्द्र नगर पुलिस ने एक डॉक्टर की शिकायत पर उसके दोस्त के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपी से डॉक्टर की पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। नितिन गुप्ता निवासी हाईटेक सिटी खरगोन की शिकायत पर पुलिस ने जगदीश निवासी एमआर-10 के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नितिन पेशे से डॉक्टर है। जगदीश से फेसबुक पर दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे का नंबर लिया। जगदीश ने बातचीत में बताया कि उसका इंदौर में ऑटो डील है। डॉक्टर नितिन के पास एक कार थी। जिसे वह बेचना चाहता था। जगदीश ने कार लेकर ओशियन मोटर्स पर बुलाया।
18 नवंबर 2024 को डॉक्टर गुप्ता इंदौर आए। यहां कार जगदीश को देकर बेचने के लिए कहा। करीब एक सप्ताह बाद जगदीश को नितिन ने कॉल कर कार बिकने के बारे में पूछा। जगदीश ने कहा कि वह कार पार्टी को दिखा रहा है। कुछ दिन बाद कॉल कर डॉक्टर नितिन ने कहा कि कार नहीं बिक रही हो तो उसे वापस दे दो। इस पर उसने जल्द बेचकर रुपए देने की बात कही।
इसके बाद जब भी बात होती तो जगदीश एक-दो दिन करके टाल देता। शंका होने पर नितिन इंदौर आकर जगदीश के घर गया। यहां उसकी पत्नी से बात हुई, तो उसने बताया कि रुपए की जरूरत होने के चलते कार किसी को गिरवी रखी है। इसके बाद जगदीश से कार मांगी तो उसने कहा कि अभी रुपए भी नही हैं और कार भी नहीं दे पाएगा। इसके बाद से कार मांगने पर जगदीश धमकी देने लगा। वह नेता और पुलिस से अच्छे सबंध होने की बात कर डराता है। डॉक्टर ने दोस्त के साथ रविवार को थाने पहुंच कर जगदीश पर केस दर्ज कराया।

Exit mobile version