इंदौर में इंदौर वायर चौराहे पर स्थित टाटा स्टील फैक्ट्री के पास बुधवार शाम एक रूई फैक्ट्री में आग लग गई।
आग के चलते यहां काफी नुकसान हुआ। सूचना के करीब 15 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। यहां नगर निगम की तरफ से समय पर टैंकर की व्यवस्था कराई गई। फायर टीम के मुताबिक अभी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं किया गया है। अंदर से अभी भी धुआं निकल रहा है। फायर ब्रिगेड के मुताबिक बुधवार शाम टाटा स्टील के पास गिरीश नरसरिया की केबी इंडस्ट्रीज के नाम से रूई फैक्ट्री में आग की सूचना मिली थी। इसके बाद कंट्रोल रूम से फायर टीम को भेजा गया। रूई का कच्चा मटेरियल होने के चलते हवा में काफी धुआं फैला हुआ है। बताया जाता है कि नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा ने खुद वायरलेस सेट पर कर्मचारियों को जल्द वहां टैंकर पहुंचाने के आदेश दिए थे। यहां आग लगे करीब तीन घंटे के लगभग हो गए हैं।
कैबिनेट मंत्री के बंगले के सामने है फैक्ट्री
किला मैदान के यहां जिस रूई फैक्ट्री में आग लगी वह कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बंगले के सामने ही है। तेज हवा के चलते आग ने भीषण रूप ले लिया था। इससे ट्रैफिक भी बाधित हुआ। बारिश के बावजूद आग कम नहीं हुई।
