एम.पी.आई.डी.सी. के कार्यकारी संचालक ने आई.टी. पार्क-4 और प्लग एण्ड प्ले परियोजना की प्रगति की समीक्षा की।

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

औद्योगिक क्षेत्र इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पलेक्स, रेडीमेड कॉम्पलेक्स और नमकीन क्लस्टर का किया भ्रमण।
एम.पी.आई.डी.सी. के कार्यकारी संचालक श्री हिमांशु प्रजापति द्वारा औद्योगिक क्षेत्र इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पलेक्स, रेडीमेड कॉम्पलेक्स और नमकीन क्लस्टर का भ्रमण किया गया एवं प्लग एण्ड प्ले पार्क तथा आई.टी. पार्क-4 के विकास कार्य की समीक्षा की गई।
श्री प्रजापति द्वारा रेडीमेड गारमेन्ट कॉम्पलेक्स, परदेशीपुरा में 167 करोड़ रूपये की लागत से विकसित किए जा रहे बहुमंजिला भवन प्लग एण्ड प्ले पार्क के विकास कार्यों की समीक्षा की गई और निर्माण कार्य कर रही एजेंसी के अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस पार्क में 184 प्रोडक्शन यूनिट, 94 सेल्स ऑफिस एवं 48 छोटी दुकानें विकसित की जा रही हैं, जिनमें क्षेत्र की महिलाओं हेतु रोजगार के नवीन अवसर उत्पन्न होंगे। यह अपने तरीके का प्रदेश का पहला बहुमंजिला रेडीमेड गारमेन्ट पार्क होगा। विजिट के दौरान उनके द्वारा रेडीमेड कॉम्पलेक्स की गारमेंट इकाई का भी दौरा किया गया एवं वहां कार्य कर रही महिलाओं से कार्य संस्कृति एवं परिवेश के बारे में चर्चा की गई।
इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पलेक्स, परदेशीपुरा में 42 करोड़ रूपये की लागत से विकसित हो रहे आई.टी. पार्क-4 के विकास कार्य की समीक्षा भी श्री प्रजापति द्वारा की गई। यह भवन लगभग पूर्ण होने पर है। विकासकर्ता एजेंसी को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस भवन के मूल्य का अनुमोदन एम.पी.आई.डी.सी. को प्राप्त हो चुका है। शीघ्र ही यह भवन बुकिंग हेतु उपलब्ध कराया जायेगा, जिसकी तैयारी एम.पी.आई.डी.सी. ने प्रारंभ कर दी है। निवेशकों को भवन के बारे में जानकारी प्रदान करने एवं साईट विजिट के लिए शीघ्र ही कैम्प लगाया जायेगा। इस पार्क में लगभग 1500 रोजगार के नवीन अवसर सृजित होने की संभावना है।
श्री प्रजापति द्वारा नमकीन क्लस्टर में कार्यरत इकाईयों का भी भ्रमण किया गया। नमकीन क्लस्टर में कार्यरत इकाईयों की ओर से नमकीन क्लस्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विपिन जैन द्वारा क्षेत्र में एम.पी.आई.डी.सी. द्वारा किए गए विकास की सराहना करते हुए अपनी मांगें रखी गई, जिसमें कि वेस्ट वॉटर रिसाइकल प्लांट को कवर किए जाने तथा नमकीन निर्माण हेतु आर.ओ. वॉटर प्लांट के माध्यम से फिल्टर वॉटर उपलब्ध कराने एवं सावेर रोड़ से क्षेत्र तक के पहुँच मार्ग पर स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया गया। जिसकी स्वीकृति श्री प्रजापति द्वारा तुरंत प्रदान करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया गया।
नमकीन एसोसिएशन द्वारा नमकीन क्लस्टर में टेस्टिंग लैब की स्थापना हेतु स्थान की मांग की गई, जिसे भी श्री प्रजापति द्वारा तत्काल स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्मित भवन में स्थान चयन करने हेतु एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं एम.पी.आई.डी.सी. के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया। व्यापारियों द्वारा श्री प्रजापति को अवगत कराया गया कि कई और निवेशक नमकीन क्स्कोटर में अपना उद्योग स्थापित करना चाहते हैं तथा वर्तमान में कार्यरत कुछ इकाईयाँ एक और यूनिट स्थापित करना चाहती हैं। शहर को एक और नमकीन क्लस्टर की आवश्यकता है, जिसकी स्थापना हेतु एम.पी.आई.डी.सी. शीघ्र प्रवास करें तो निवेशकों को तथा प्रदेश को लाभ प्राप्त हो सकेगा।
श्री प्रजापति द्वारा उद्योगपतियों से चर्चा करते हुए वह आश्वस्त किया गया कि जो बहुमंजिला भवन नमकीन क्लस्टर में विकसित हैं, उन्हें शीघ्र ही लीज पर प्रदान किए जाने हेतु लंबित प्रस्ताव का निराकरण हेतु लेख किया जायेगा। साथ ही नमकीन क्लस्टर में स्थित भूखण्ड क्रमाक 35, जो कि न्यायिक प्रकरण के कारण अटका हुआ था, को भी शीघ्र बिडिंग प्रक्रिया के माध्यम से निवेशकों हेतु उपलब्ध कराया जायेगा।

Exit mobile version