इंदौर के द्वारकापुरी में रहने वाले एक स्टूडेंट को उसके जन्मदिन की रात ही हार्ट अटैक आ गया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर गए। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रात में पुलिस को सूचना की गई। परिवार के मुताबिक रविवार को स्टूडेंट का बर्थडे भी है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक अर्जुन पुत्र जवाहर पटेल निवासी बंजारा धर्मशाला के पास को देर रात उसके परिजन एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की तरफ से रात में थाने पर सूचना की गई। अर्जुन के मौसा पप्पू पटेल ने बताया कि रात करीब 3 बजे के लगभग उसे घबराहट हुई और सीने में तेज दर्द हुआ। उसे पहले नजदीक के अस्पताल लेकर गए। यहां से एमवाय रैफर किया गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
रिश्तेदारो ने बताया कि अष्टमी होने के चलते सभी के व्रत थे। शनिवार को घर में पूजन था। रात में काम से आने बाद पूजा पाठ की ओर खाना खाकर सभी सो गए थे। इसके बाद अचानक रात में अर्जुन की तबीयत बिगड़ गई।
परिवार के लोगो ने बताया कि रविवार को ही अर्जुन का 18 वां जन्मदिन था। अर्जुन अपने माता पिता का इकलौता बेटा है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। उसके पिता जवाहर सब्जी बेचने का काम करते है। वही परिवार मूल रूप से पन्ना का रहने वाला है। अर्जुन फर्स्ट ईयर की पढ़ाई भी कर रहा है।
