
भाजपा के स्थापना दिवस पर मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने लगाया ध्वज
इंदौर/भोपाल.
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने अपने इंदौर स्थित निवास पर पार्टी ध्वज का आरोहण कर राष्ट्रसेवा और संगठन निष्ठा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री आकाश विजयवर्गीय जी भी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात् मंत्री श्री विजयवर्गीय जी ने कहा, “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” ही भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है। आज का दिन उन महान तपस्वियों के चरणों में कृतज्ञता अर्पित करने का पुण्य अवसर है, जिनके अविचल संकल्प तथा निरंतर परिश्रम से पार्टी राष्ट्र निर्माण की सशक्त माध्यम बनी है।
श्री विजयवर्गीय जी कहा, “मुझे गर्व है कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन है, जो ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को आत्मसात कर भारत माता की सेवा में सतत संलग्न है।”
उन्होंने स्मरण करते हुए कहा कि वर्ष 1980 में जब भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी, तब पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने उद्घोष किया था,
“सूरज निकलेगा, अंधेरा छटेगा और कमल खिलेगा।”
आज वह सूरज उदित हो चुका है, अंधकार का अंत हो चुका है और कमल संपूर्ण भारतवर्ष में विकास, विश्वास और राष्ट्र गौरव का प्रतीक बन चुका है।
श्री विजयवर्गीय जी ने कहा कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और अटलजी के जिस स्वप्न में अंत्योदय, आत्मनिर्भरता एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण का चित्र अंकित था, वह आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी. नड्डा जी की अपार कर्मठता तथा देवतुल्य कार्यकर्ताओं के परिश्रम से साकार हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी का यह यशस्वी पथ सदा राष्ट्रनिष्ठा, सेवा और विकास के प्रकाश से आलोकित होता रहे, मेरी यही मंगलकामना है।
जय भारत! जय भाजपा!
