इंदौर में चाइनीस मांझे को लेकर पुलिस ने विभिन्न थानों में कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने रात के समय ग्राहक बनकर कुछ दुकानों पर दबिश दी, जिसके बाद तीन थानों में चाइनीस मांझे से संबंधित जानकारी सामने आई।
मल्हारगंज इलाके में पुलिस को सूचना मिली कि प्रजाप्रतपुरा में चाइनीस धागा बिक रहा है। इसके बाद पुलिस ने हिमेश देव, निवासी प्रजाप्रतपुरा को पकड़ा। पुलिस ने सिविल ड्रेस में जवान को ग्राहक बना कर मांझा मांगने पर आरोपी ने चाइनीस मांझा दे दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 11 मांझे जब्त किए, जो उसने छिपा कर रखे थे।
खजराना पुलिस ने भी मोहित कुशवाह, निवासी सोमनाथ की चाल पर छापेमारी की। आरोपी महालक्ष्मी मेला ग्राउंड में चाइनीस मांझा बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी से एक थैले में रखे करीब 24 मांझे जब्त किए और उसे थाने लाकर कार्रवाई की।
भंवरकुआ पुलिस ने भी रामलाल गिरी, निवासी शिवपार्वतीनगर चौराहे को पकड़ा। आरोपी नेहा जनरल स्टोर्स से चाइनीस मांझा बेच रहा था। पुलिस ने रामलाल के पास से करीब 9 चाइनीस मांझे के रोल जब्त किए और उसे थाने लाकर कार्रवाई की।
इस बीच, शहर की प्रमुख पतंग दुकानों पर चाइनीस मांझे के उपयोग पर प्रतिबंध को लेकर पोस्टर चस्पा किए गए हैं।
