इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में स्थित एक गौशाला में काम करने वाले परिवार की नाबालिग बेटी के साथ वहां के मालिक ने बार-बार दुष्कर्म किया। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मंगलवार देर रात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पीड़िता के परिवार का आरोप है कि आरोपी ने लड़की का गर्भपात भी कराया। बुधवार को बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
चंदन नगर पुलिस के अनुसार, केशव नगर स्थित गौशाला में मजदूरी करने वाले परिवार की नाबालिग बेटी के साथ मालिक संजय दुबे ने कई बार गलत काम किया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसे दवाइयां भी खिलाता था। परिवार पिछले दो साल से उसी गौशाला में काम कर रहा है।
छोटे भाई ने देखा, बताया परिवार को
परिवार ने बताया कि मंगलवार को जब लड़की के माता-पिता काम पर गए थे, तब संजय गौशाला पहुंचा। उसने नाबालिग को जबरदस्ती खाली जगह पर ले जाने की कोशिश की। जब उसने मना किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। यह सब लड़की के छोटे भाई ने देखा और तुरंत अपने माता-पिता को जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
संजय पर पहले से हैं केस
जानकारी के मुताबिक, आरोपी संजय दुबे पर पहले से ही जमीन विवाद समेत आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
