इंदौर के सिंदौड़ा गांव में एक युवक को सांप ने डस लिया। परिवार के लोग एम्बुलेंस को कॉल करते रहे। जिसमें समय पर गाड़ी नहीं मिली। पड़ोसी की कार लेकर परिजन महू नाका तक पहुंचे। यहां से एम्बुलेंस से पीड़ित काे एमवायएच भेजा गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
चंदननगर पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम महेन्द्र(25)पुत्र प्रेम नट निवासी गांव सिंदौड़ा की सांप के काटने से मौत हो गई। परिवार ने बताया कि दोपहर में वह गाड़ी लेकर आया। इसके बाद सो गया। इस दौरान सांप ने हाथ में आकर डस लिया।
महेन्द्र की नींद खुली तो वह चिल्लाया। तब परिवार के लोगों ने हाथ में ऊपर की तरफ रस्सी बांध दी। इसके बाद एम्बुलेंस को कॉल करते रहे। एम्बुलेंस काफी समय तक नहीं आई तो पड़ोसी की कार से अस्पताल के लिए निकले। जिसमें महूनाके पर एम्बुलेंस आने पर उसे गाड़ी से एमवायएच भेजा गया।
महेन्द्र के परिवार में पत्नी और डेढ़ साल का बच्चा है। पिता और भाई ढोलक बजाने का काम करते हैं। उसके रिश्तेदारों ने बताया कि सांप काफी देर तक घर में ही बैठा था। लेकिन परिवार के लोग महेन्द्र को अस्पताल ले जाने में लगे थे तो सभी घटना के बाद उसे लेकर घर से बाहर हो गए।
