इंदौर: फिर लुढक़ा रात का पारा, 7 डिग्री के नीचे आया, कल की रात रही मौसम की दूसरी सबसे ठंडी रात

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

सुबह से शाम तक ठंडी हवाओं से ठिठुरा शहर

इंदौर। शहर (Indore) में दो दिनों तक न्यूनतम तापमान (Minimum Temperature) में मामूली तेजी के रात के पारे में कल फिर गिरावट (decline) आई। पारा एक बार फिर लुढक़ कर 7 डिग्री के नीचे 6.9 डिग्री पर पहुंचा। यह इस सीजन का दूसरा सबसे कम तापमान था, जिससे कल की रात इस मौसम की दूसरी सबसे ठंडी रात रही। ठंड का असर कल शाम से ही महसूस हो रहा था, वहीं रात के साथ बढ़ता गया और आज सुबह तक सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रही।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 3 डिग्री कम, लेकिन परसों की अपेक्षा 0.3 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 0.8 डिग्री कम था। इससे पहले इससे कम तापमान शनिवार की रात को 6.4 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था। रविवार और सोमवार को तापमान में थोड़ी तेजी के बाद कल दोबारा यह 7 डिग्री के नीचे रहा। इस दौरान हवाओं की दिशा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी रही और हवाओं की अधिकतम रफ़्तार 17 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।

आज और कल शीतलहर
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा कल प्रदेश के सभी शहरों का अगले 5 दोनों का पूर्वानुमान जारी किया गया। इसमें इंदौर में आज और कल शीतलहर और तीव्र शीतलहर की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों कहना है कि इसके बाद तापमान में थोड़ी बढ़त देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं होगी और तापमान में आने वाले दिनों में फिर गिरावट आएगी।

- Advertisement -

स्कूल सुबह 9 बजे से, लेकिन बच्चे 8 बजे निकल रहे हैं घर से
स्कूलों का समय सुबह 9 बजे शुरू करने का आदेश तो दे दिया है, लेकिन बच्चों को अपने घर से 8 बजे ही निकलना पड़ रहा है। कारण यह है कि स्कूल बस या ऑटो 45 मिनट से 1 घंटे तक अन्य बच्चों को लेने के लिए शहरभर में घूमते रहते हैं। ठंडी के मौसम में छोटे स्कूली बच्चों को ज्यादा दिक्कत रहती है। इनमें से कई बच्चे ऑटोरिक्शा में जाते हैं, जो खुले रहते हैं।

Exit mobile version