इंदौर को नए साल का तोहफा, फरवरी से पूरी तरह ‘एक्शन’ में होगा लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

नए साल की शुरुआत शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आएगी। नए साल में फरवरी महीने से लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पूरी तरह आपरेशनल होने जा रहा है।
नए साल की शुरुआत इंदौर शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आएगी
फरवरी से संचालित होगा 45 करोड़ का लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन
लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की लागत 55 करोड़ रुपए हैं
इंदौर। नए साल की शुरुआत शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आएगी। नए साल में फरवरी महीने से लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पूरी तरह आपरेशनल होने जा रहा है। सांसद ने मंगलवार को स्टेशन का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की लागत करीब 55 करोड़ रुपए हैं। इसमें 45 करोड़ रुपए लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन और 10 करोड़ रुपए की लागत से फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
वर्तमान में स्टेशन पर हैं तीन प्लेटफार्म
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि इंदौर-उज्जैन रेल सेक्शन पर सिंहस्थ में लगभग 300 ट्रेनों के संचालन की संभावना है। ऐसे में लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक प्रबंधन दोनों में अहम भूमिका निभाएगा। वर्तमान में स्टेशन पर तीन प्लेटफार्म हैं, जबकि दो नए प्लेटफार्म निर्माणाधीन हैं। साथ ही दो अतिरिक्त रेलवे ट्रैक भी बिछाए जा रहे हैं, ताकि रेल यातायात सुगम हो सकें। प्लेटफार्मों की लंबाई बढ़ाई जा रही है। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव आसानी से हो सकेगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर 36 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए तीन नई लिफ्टें भी लगाई जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि फिलहाल सिग्नल सिस्टम के स्थानांतरण, भवन तोड़ने और ट्रैक पर पटरियां बिछाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। पूरा स्टेशन फरवरी से पूरी तरह चालू हो जाएगा।
बाणगंगा की ओर फुट ओवरब्रिज निरीक्षण के दौरान सांसद लालवानी ने अधिकारियों से कहा कि बाणगंगा दिशा में बना फुट ओवरब्रिज इस समय स्टेशन परिसर के भीतर ही समाप्त हो रहा है। इसे स्टेशन परिसर के बाहर तक विस्तारित किया जाए ताकि बाणगंगा क्षेत्र के यात्रियों को सुगमता हो। उन्होंने बताया कि स्टेशन विस्तार क्षेत्र में आने वाले एक धार्मिक स्थल को लेकर कलेक्टर से चर्चा जारी है।
सांसद लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में इंदौर की रेल सुविधाएं नई गति पकड़ रही हैं। लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन का विकास इसका उत्कृष्ट उदाहरण है, इससे शहर में रेलवे का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हो रहा है। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि विशाल गिदवानी, पार्षद कमल वाघेला स्थानीय भारतीय जनता पार्टी के नेता रेलवे के अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version