इंदौर के सदर बाजार क्षेत्र में चाकूबाजी:दो युवकों पर रंजिश के चलते किया हमला; थाने पहुंची भीड़ को अफसरों ने दी समझाइश

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में रविवार रात पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आमने-सामने हो गए। एक पक्ष ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें दो घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए एमवाय भेजा गया। इधर, एक पक्ष के लोग भीड़ के साथ थाने पहुंचे। सूचना के बाद वरिष्ठ अफसर भी यहां पहुंचे। लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक घटना सदर बाजार इलाके के मराठी मोहल्ले की है। यहां पर युवक कुणाल और उत्तम पर जफर और उसके साथियों ने चाकू से हमला कर दिया।
हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जब घटना की जानकारी रहवासी और युवकों के परिवार के लोगों को लगी तो वह थाने पहुंचे। यहां आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग करने लगे। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों पर केस दर्ज किया है। उनकी तलाश की जा रही है।
10 दिन पहले भी हुई थी कहासुनी
जानकारी के मुताबिक आरोपी भी मराठी मोहल्ले के रहने वाले हैं। यहां पर 10 दिन पहले भी उनकी युवकों से कहासुनी हुई थी। रविवार को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
एक पक्ष थाने पहुंचा तो यहां पर सदर बाजार के साथ मल्हारगंज और एरोड्रम का बल भी बुलाया गया। करीब आधे घंटे बाद यहां अफसरों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

Exit mobile version