
हिंदू युवतियो को लव जिहाद कर फंसाने और धर्म बदलने का दबाव बनाने के लिए फंडिग करने के मामले में आरोपी बनाए गए वार्ड 58 के कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी उर्फ डकैत की तलाश में टीमें बाहर भी गई हैं। इधर, टीम उसके भिश्ती मोहल्ला स्थित निवास पर पहुंची तो पाया कि उसके मकान के तलघर में एक बड़ा जिम चल रहा है। यह जिम किराए पर दे रखा है।
जानकारो का कहना है यह जिम अवैध रूप से संचालित हो रहा, क्योंकि तलघर में कोई भी व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। उधर, पुलिस आरोपी की सभी तरह की संपत्ति की जानकारी जुटा रही। यदि उसकी संपत्ति अवैध रूप से बनाई गई है तो उस पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अनवर कादरी की तलाश में बाणगंगा पुलिस ने एक टीम बनाकर शहर के बाहर भेजी है। उसके सभी रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां भी दबिश दी गई, लेकिन उसके रिश्तेदार भी फरार हैं। दो दिन पहले भी पुलिस उसके मदीना नगर स्थित पुराने घर, भिश्ती मोहल्ले के नए घर और सराफा स्थित ससुराल पहुंची थी। पुलिस ने बताया डकैत के घर वाले और उसके ससुराल वाले भी फरार हो चुके हैं।
पीए आसिफ भी लापता
सूत्रों ने बताया हमने जब जानकारी जुटाई तो पता चला अनवर डकैत का पीए आसिफ भी लापता है। हालांकि वह इस केस में अरोपी नहीं है, फिर भी गायब है। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि लव जिहाद की फंडिंग में नाम आने के बाद सबसे पहले अनवर फरार हुआ। उसके बाद आसिफ भी गायब है।
हिंदू युवतियां आती थीं
दो दिन पहले जब बाणगंगा पुलिस भिश्ती मोहल्ला स्थित अनवर के घर पहुंची तो वहां जिम चल रहा था। 5-6 हिंदू युवतियां भी जिम करने आई थीं। बताते है अब जिम बंद करवाने के लिए संगठन के लोग आपत्ति जताने वाले हैं। जिम किराए पर देने से अनवर को एक लाख से ज्यादा किराया आ रहा था।
