इंदौर। शहर की सड़कों पर जलभराव की समस्या को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पानी की लाइनों के रिस्टोरेशन कार्य सही ढंग से नहीं होने के कारण, तमाम व्यवस्थाएं करने के बावजूद भी सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। यह इस बात का संकेत है कि अधिकारी जिस गति और दृष्टि से कार्य करना चाहिए था, वैसा नहीं कर पाए।महापौर ने इस विषय पर समीक्षा बैठक ली और स्पष्ट कहा कि यह केवल चिंता का नहीं बल्कि नाराजगी का विषय है। आने वाले समय में योजना बनाकर व्यवस्थित तरीके से कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जैसे ही बारिश थमे, शहर की मुख्य सड़कों पर रोलर चलाकर मरम्मत कार्य तुरंत प्रारंभ किया जाए।महापौर ने बताया कि एमपीआरडीसी, पीडब्ल्यूडी, आईडीए और मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों को भी विशेष बैठक के लिए बुलाया गया है। यह बैठक कल दोपहर 2 बजे आयोजित होगी, जिसमें विशेष रूप से ब्रिज के आसपास की सर्विस रोड की स्थिति सुधारने पर चर्चा और कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
