धरती आबा योजना के लिए डिस्ट्रिक्ट रेस्पॉन्सिव ग्रुप की बैठक सम्पन्न

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने शुक्रवार को धरती आबा योजनान्तर्गत इंदौर जिले की रेस्पॉन्सिव अधिकारियों की बैठक की। धरती आबा अंतर्गत आदि कर्मयोगी अभियान में चयनित विभाग के प्रशिक्षित अधिकारियों, मास्टर ट्रेनर एनजीओ के सदस्यों और अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि ग्रामीण समाज में स्व–नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका में सकारात्मक परिवर्तन के लिए कार्य किया जाना है। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने कहा कि भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय ने आदि कर्म योगी अभियान की शुरुआत की है। जहाँ प्रदेश में 11 हज़ार 294 ग्रामों में से इंदौर जिले के 56 ग्राम आदि कर्म योगी अभियान एक मिशन के रूप में तैयार होंगे। विकासखंड महू के 52 ग्राम एवं इंदौर के 4 ग्राम सम्मिलित है। एक सशक्त मिशन, जहाँ निष्काम भाव से कर्म और कर्म के माध्यम से ईश्वर से जुड़ने का साधन है।
यह योजना विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में सुशासन और विकास को मजबूत करने के लिए बनाई गई है। हर ग्राम में प्रशिक्षित कर्मयोगियों की टीम तैयार की जायेगी। शिकायत निवारण, योजनाओ का क्रियान्वयन और जनभागीदारी पर विशेष बल दिया जायेगा। ग्रामीण समाज में स्व नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का विकास होकर स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका में सकारात्मक परिवर्तन महसूस किया जा सकेगा। इस योजना को सशक्त बनाने हेतु आदि कर्मयोगी, आदि सहयोगी एवं आदि साथी मिल जुलकर ग्रामीणों के उनके अपने सपनो को साकार कर सर्वांगीण विकास करेंगे। आदि कर्मयोगी में शासकीय विभाग जिसमे प्रमुखतः जनजातीय कार्य विभाग, महिला बाल विकास, पंचायत विभाग, स्वास्थ्य, लोक यांत्रिकी, वन के अधिकारी, कर्मचारी, जिले एवं खंड स्तर के मास्टर ट्रेनर (प्रशिक्षित अधिकारी) होंगे।
आदि सहयोगी में शिक्षक, प्रबुद्ध ग्रामीणजन, डॉक्टर एवं प्रभावशील लोगों का सहयोग तथा आदि साथी में स्थानीय जनजातीय नेता एवं युवा साथियों का साथ पाकर निश्चित रूप से वांछित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा। आदि कर्म योगी अभियान को 15 से अधिक विभागीय कर्मचारी, अधिकारी का सहयोग प्राप्त होगा।
जिला कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट रेस्पोंसिव गवर्नेस ग्रुप बैठक में जिला नोडल अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व/ वन), सहायक नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त नरेन्द्र सिंह भिड़े, परियोजना अधिकारी मोहन सोनी, सम्बंधित 5 विभागों के जिला अधिकारी, डी.एम.टी., बी.एम. टी., एन.जी.ओ. प्रतिनिधि सहित अन्य विभागों के अधिकारी /कर्मचारी बैठक में उपस्थित हुए।

Exit mobile version