इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 26 वर्षीय युवती की शिकायत पर अमन खान उर्फ अमन साहू के खिलाफ रेप और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला दर्ज किया है।
युवती मूल रूप से सीहोर की रहने वाली है और फिलहाल इंदौर के पालदा में किराए के मकान में रहकर एक निजी कंपनी में काम करती है। मंगलवार रात बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचकर उसने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
युवती ने पुलिस को बताया कि करीब आठ माह पहले उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर अमन से हुई थी। उस समय उसकी प्रोफाइल पर अमन साहू नाम लिखा हुआ था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दो माह तक चैटिंग के बाद फरवरी 2025 में अमन उसके किराए के कमरे पर आया। वहीं पहली बार शारीरिक संबंध बने। इसके बाद युवती को पता चला कि आरोपी का असली नाम अमन खान है और वह दूसरे धर्म से है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह युवती से शादी करेगा और इसके लिए इस्लाम छोड़ने की भी बात कही। लेकिन कुछ ही समय बाद उसने मारपीट शुरू कर दी और युवती को मंदिर जाने से भी रोकने लगा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने कहा कि वह अपना धर्म नहीं बदलेगा, बल्कि शादी तभी होगी जब युवती धर्म परिवर्तन कर लेगी।
करीब 15 दिन पहले आरोपी ने युवती के साथ फिर से मारपीट की। इसके बाद वह उसके कमरे पर आना बंद कर दिया। पीड़िता ने डर और सामाजिक बदनामी की वजह से शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया। लेकिन आरोपी लगातार उसे धमकाकर संबंध बनाने के लिए दबाव डालता रहा। इससे परेशान होकर युवती ने अंततः बजरंग दल कार्यकर्ताओं को पूरी घटना बताई। इसके बाद कार्यकर्ता उसे थाने ले गए और मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस अब पूरे मामले में जांच कर रही है।
