अनंत चतुर्दशी झांकियों की तैयारियाँ शुरू

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

महापौर ने मिलों और समिति को बांटे अनुदान के चेक

इंदौर। अनंत चतुर्दशी पर्व के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य पारंपरिक झांकियों का निर्माण शुरू हो गया है। नगर निगम इंदौर की ओर से झांकी निर्माण में सहयोग देने हेतु महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने महापौर सचिवालय पर शहर की पांच प्रमुख मिलों को दो-दो लाख रुपये के चेक प्रदान किए। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य नन्दकिशोर पहाड़िया भी उपस्थित रहे।

महापौर भार्गव ने कहा कि अनंत चतुर्दशी और इसके अवसर पर निकलने वाली झांकियां इंदौर की सांस्कृतिक पहचान हैं। “यह झांकियां न केवल इंदौर में बल्कि पूरे देश में अपनी भव्यता और परंपरा के लिए जानी जाती हैं। मिलों द्वारा बनाए जाने वाले ये स्वरूप शहर की ऐतिहासिक परंपरा को जीवंत रखते हैं। इसी कारण नगर निगम प्रतिवर्ष उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान करता है ताकि यह परंपरा निरंतर चलती रहे।”

- Advertisement -

इन मिलों को मिले चेक

नगर निगम द्वारा झांकी निर्माण हेतु जिन मिल समितियों को दो-दो लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है, उनमें शामिल हैं—

मालवा मिल
हुकुमचंद मिल
स्वदेशी मिल
राजकुमार मिल
कल्याण मिल

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इन मिलों की झांकी समितियों के अध्यक्षों को चेक वितरित किए और सभी को सफल आयोजन की शुभकामनाएँ दीं।

देवी अहिल्या जन्मोत्सव समिति को भी सहयोग

इस अवसर पर महापौर ने देवी अहिल्या बाई जन्मोत्सव समिति को भी पाँच लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि इंदौर की ऐतिहासिक और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में ये आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शहर की सांस्कृतिक धरोहर

इंदौर की अनंत चतुर्दशी झांकियों को देखने हर वर्ष लाखों लोग उमड़ते हैं। यह पर्व न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी इंदौर की पहचान बन चुका है। नगर निगम का यह सहयोग परंपरा के संरक्षण और भव्यता को बनाए रखने में अहम साबित होगा।

Exit mobile version