सुगम्य भारत अभियान के तहत दिव्यांगजनों को सार्वजनिक भवनों में बाधारहित वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के अधिकारी-कर्मचारियों को एक दिन का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्टर श्री आशीष सिंह के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित किया गया। देवी अहिल्या बाई होलकर अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट इंदौर के अधिकारियों, कर्मचारियों व एयर लाइन्स स्टॉफ को सुगम्य भारत अभियान के तहत दिव्यांगजनों के लिये बाधारहित वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का शुभारंभ एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री वी. के. सेठ ने किया। प्रथम सत्र में श्री पवन चौहान, श्री नितिंद्र बड़जात्या, डॉ. डॉली जोशी व अन्तराष्ट्रीय पैरा ओलम्पिक एथलीट पूजा गर्ग ने प्रशिक्षण दिया। दूसरे सत्र में बधिरता से सम्बन्धित दिव्यांगजनों को आने वाली समस्याओं और उसके निदान पर प्रकाश डाला गया। बौद्धिक दिव्यांगजनों को एयरपोर्ट पर आने वाली कठिनाई और उसे किस तरह से दूर किया जाना चाहिए कि जानकारी दी गई। मूक बधिर संगठन से विशेषज्ञों के रूप में श्रीमती नेहा पुरंदरे, श्रीमती शुचि पेट्रीक तथा बौद्धिक दिव्यांगता के स्पेशल टीचर डॉ. अनिता शर्मा द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय श्री अमोल ठाकुर एयरपोर्ट अथॉरिटी इंचार्ज द्वारा किया गया।
