इंटीरियर डिजाइनर से दोस्ती फिर रेप:खुद को कुंवारा बताकर प्रेमिका बनाया, पत्नी के साथ रंगेहाथ पकड़ाया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के लसूडिया पुलिस ने 23 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर की शिकायत पर रेप का केस दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी राज ठाकुर (निवासी चंबल) ने खुद को अविवाहित बताकर दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती को उसकी शादीशुदा होने की सच्चाई पता चली और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने धमकी देकर उसे चुप रहने को मजबूर कर दिया।
शोरूम पर हुई थी मुलाकात
पीड़िता के अनुसार, वह विजयनगर में इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करती थी। इसी दौरान एक शोरूम में उसकी मुलाकात राज ठाकुर से हुई, जिसने खुद को शेयर मार्केट का कारोबारी बताया। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और राज ने शादी का प्रस्ताव रखा।
शादी का दबाव डालकर किया रेप
राज ने लगातार दो महीने तक शादी का दबाव बनाया और इसी दौरान युवती के रूम पर आकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही शादी करेगा। इसके बाद वह अक्सर युवती के रूम पर आकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।
14 फरवरी को हुआ खुलासा
वैलेंटाइन डे पर राज जब युवती के रूम पर आया, तब वहां उसकी दादी भी मौजूद थीं। दादी को देखकर राज ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट कर वहां से चला गया। जब पीड़िता उसका पीछा करते हुए उसके घर पहुंची, तो वहां एक महिला मिली। पूछताछ करने पर राज ने उसे अपनी पत्नी बताया।
जब युवती ने विरोध किया, तो राज ने धमकी दी कि उसके पास युवती के फोटो और वीडियो हैं, जिन्हें वह वायरल कर देगा। डर के कारण युवती वापस अपने घर लौट गई। बाद में दादी को पूरी घटना बताई और सोमवार को लसूडिया थाने में शिकायत दर्ज कराई।
लसूडिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

Exit mobile version