बाणगंगा में हादसा:गोविंद कॉलोनी में तेज रफ्तार कार वृद्धा को रौंदते हुए भागी, कुछ दूर घसीटा भी, मौत

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

बाणगंगा इलाके की गोविंद कॉलोनी मेन रोड पर सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक हादसे में वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा लकड़ियां तोड़ रही थी तभी एक कार, जिस पर बाणेश्वरी लिखा था और शीशों पर काली फिल्म लगी थी, तेज रफ्तार में वृद्धा को रौंदते हुए निकल गई। कार ने वृद्धा को कुछ दूर घसीटा भी था। जब लोगों ने उन्हें घायल हालत में देखा तो अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस बीच यही माना जाता रहा कि वृद्धा खुद गिरी होंगी, लेकिन आधा घंटे बाद कैमरे खंगाले तो हादसे का पता चला। लोगों का कहना है कि कार को उसका मालिक चला रहा था, कार मालिक ने पुलिस को बयान दिया कि ड्राइवर चला रहा था। कार जब्त कर ली गई है, अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका का नाम इसी इलाके में रहने वाली कौशल्याबाई (83) है। लोगों ने बताया कि वे यहां कपड़ों पर प्रेस करके अपना गुजारा करती थीं। रोजाना की तरह वे लकड़ी तोड़ रही थीं, लेकिन कुछ देर बाद बेसुध पड़ी मिलीं। लोग उनके पास पहुंचे तो देखा सिर से खून निकल रहा है। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वे दम तोड़ चुकी थीं। उनके शरीर पर चोट के गंभीर निशान देख लोगों को शंका हुई तो पास के फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा कार वृद्धा को कुचलते हुए असंतुलित भी हुई

फुटेज देखे तो पता चला कि एक काली कार तेजी से निकली। उसने वृद्धा को टक्कर मारी। फिर कुचलते हुए निकल गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि जब वृद्धा पर पहिया चढ़ा तो कार उछली थी, लेकिन ड्राइवर नहीं रुका। लोगों ने फुटेज देखने के बाद कार पहचान ली कि यह तो पीछे ही रहने वाले ईंट भट्टा कारोबारी प्रजापति परिवार की है। लोगों का कहना है इस कार को तेजेंद्र प्रजापति चलाता है। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

लोगों के और कार मालिक के बयानों में विरोधाभास के चलते पुलिस अफसरों ने कहा कि अब आगे-पीछे के रूट के और फुटेज खंगाले जाएंगे। इससे पता चल जाएगा कि कार कौन चला रहा था।
कोरोना में हो चुकी है पति की मौत : पता चला है कि वृद्धा के पति की कोरोना काल में मौत हो चुकी है। वे अकेली रहती हैं, जबकि बाकी का परिवार पास ही स्थित नंदबाग में रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन थाने पहुंच गए थे।

- Advertisement -
Exit mobile version