झारखंड के धनबाद स्थित आईआईटी-आईएसएम के हॉस्टल में इंदौर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव गुरुवार सुबह हॉस्टल के वॉशरूम में मिला। उसकी पहचान इंदौर निवासी तनमय प्रजापति (21) के रूप में हुई है। वह इंजीनियरिंग में तीसरे वर्ष का छात्र था। सुरक्षा अधिकारी राम मनोहर के अनुसार, तनमय नौवीं मंजिल पर स्थित एक्वामरीन हॉस्टल में रहता था। सुबह 9:45 बजे जब हॉस्टल के वॉशरूम का दरवाजा काफी देर तक अंदर से बंद रहा, तो संदेह हुआ। दरवाजा तोड़ने पर तनमय बेहोश मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी नौशाद आलम ने बताया कि मौत के कारणों का पता पीएम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। परिजन इंदौर से धनबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या तो नहीं।
