भाजपा का पूरा जोर मतदान बढ़ाने पर, कांग्रेस की तैयारी ही शुरू नहीं हुई

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read
  • शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को लेकर मैदान में उतर रहे भाजपा कार्यकर्ता।
  • लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले ही भाजपा मैदान पकड़ चुकी है।
  • पिछले लोकसभा चुनाव के आंकडे बताते हैं कि जब-जब मतदान का प्रतिशत बढ़ा है, भाजपा फायदे में रही है।
  • कांग्रेस के कार्यकर्ता इस बात से भी दुखी है कि जिन नेताओं के लिए वह वर्षों से मेहनत करता रहा वे खुद ही भाजपा का दामन थाम रहे हैं।

लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले ही भाजपा मैदान पकड़ चुकी है। पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से अनिवार्य रूप से मतदान करने की गुहार लगा रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव के आंकडे बताते हैं कि जब-जब मतदान का प्रतिशत बढ़ा है, भाजपा फायदे में रही है। यही वजह है कि इस बार भी पार्टी ने शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा है। पार्टी ने इसकी तैयारी कर भी ली है। मतदान के लिए मतदाताओं को घरों से बाहर निकालने में माहिर भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के कई सत्र हो भी चुके हैं। इधर दूसरी तरफ कांग्रेस खेमे में निराशा है। कांग्रेस के कार्यकर्ता इस बात से भी दुखी है कि जिन नेताओं के लिए वह वर्षों से मेहनत करता रहा वे खुद ही भाजपा का दामन थाम रहे हैं।भाजपा का पूरा जोर इस बार के लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने पर है। पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूसिंह रघुवंशी के मुताबिक हमने इसे लेकर तैयारियां बहुत पहले ही शुरू कर दी थीं। पन्ना प्रमुख के पास एक-एक मतदाता की जानकारी होती है। हमारा लक्ष्य शत प्रतिशत मतदान कराने का है। इसे लेकर हम समय समय पर हम प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित कर रहे हैं।

इस बार हमने मतदाताओं से सीधे संपर्क की रणनीति भी बनाई है। इसके तहत ही गांव चलो अभियान, लाभार्थी संपर्क अभियान आदि आयोजन हो चुके हैं। जल्द ही कुछ अन्य आयोजन भी होंगे। हमारे नेता मतदाताओं से सीधे संपर्क कर रहे हैं और निश्चित ही इसका फायदा हमें मिलेगा।

अकेले इंदौर में हैं 16 हजार से ज्यादा पन्ना प्रमुख
पन्ना प्रमुख भाजपा की रीढ़ की हड्डी के समान हैं। शासन की योजनाओं, कार्यक्रम इत्यादि की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में वे प्रमुख भूमिका निभाते हैं। रघुवंशी के मुताबिक अकेले इंदौर लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के 16 हजार से ज्यादा पन्ना प्रमुख हैं। शत प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल करने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। मतदाता सूची के एक पन्ने में शामिल मतदाताओं ने मतदान किया या नहीं, कहीं कोई मतदाता मतदान के लिए शहर से बाहर तो नहीं है, कहीं किसी मतदाता को मतदान में किसी तरह की कोई परेशानी तो नहीं हो रही है, जैसे मुद्दों को हल करने में ये पन्ना प्रमुख माहिर होते हैं।

Exit mobile version