कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दोनों अब भाजपा की धरोहर है। कांग्रेस छोड़कर इनके भाजपा में आने से जिनका पेट दुख रहा है वे बोलते रहेंगे।
भाजपा का दावा प्रदेश में पहली बार एक साथ इतने कांग्रेसियों ने छोड़ी पार्टी
मुख्यमंत्री बोले राम मंदिर, महाकाल लोक के बाद अब मथुरा को भी दिव्य तीर्थ बनाएंगे
इंदौर। मुख्यमंत्री मोहन यादव की उपस्थिति में गुरुवार को सैकड़ों कांग्रेसी नेता-कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। दलाल बाग में आयोजित इस कार्यक्रम को भाजपा प्रवेश समारोह नाम दिया गया था।
भाजपा का दावा है कि प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता एक साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम मुस्कुरा रहे हैं। अब मथुरा की बारी है। इसे भी दिव्य तीर्थ बनाएंगे। कांग्रेस ने हमेशा मामले उलझाए, लेकिन अब मथुरा भी जगमगाएगी।
