हाई कोर्ट एसोसिएशन की तर्ज पर होंगे इंदौर अभिभाषक संघ के चुनाव, ऐसी रहेगी व्यवस्था

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read
  • मतदाताओं के लिए मतदान से पहले नो ड्यूस करवाना अनिवार्य होगा, जनवरी के अंतिम सप्ताह में मतदान की उम्मीद।

इंदौर। इंदौर अभिभाषक संघ के वार्षिक चुनाव हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की तर्ज पर होंगे। मतदाताओं के लिए मतदान से पहले अभिभाषक संघ के सभी बकाया शुल्क का भुगतान करना अनिवार्य होगा। सिर्फ वे ही सदस्य मतदान में हिस्सा ले सकेंगे जिन्होंने संघ से नो ड्यूस प्राप्त कर लिया है। बकाया शुल्कों के भुगतान के लिए मतदान वाले दिन भी विशेष काउंटर लगाए जाएंगे, ताकि जो सदस्य पात्र होने के बावजूद सिर्फ इसलिए मतदान नहीं कर पा रहे हैं कि उन्होंने संघ के बकाया शुल्क नहीं चुकाए हैं, वे बकाया शुल्क जमा कर मतदान में हिस्सा ले सकें।

राज्य अधिवक्ता परिषद द्वारा गठित विशेष समिति के सहसंयोजक एडवोकेट संजय मेहरा ने बताया कि इंदौर अभिभाषक संघ के वार्षिक चुनाव के लिए तैयार संशोधित मतदाता सूची अभिभाषक संघ के कार्यालय में उपलब्ध करवा दी गई है। संघ के सदस्य 5 जनवरी तक इसका अवलोकन कर दावे और आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। दावे और आपत्तियों का निराकरण करने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। इसी अंतिम सूची के आधार पर मतदान करवाया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची तैयार होते ही मुख्य चुनाव अधिकारी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

जनवरी में ही होंगे चुनाव
मेहरा ने बताया कि राज्य अधिवक्ता परिषद ने विशेष समिति का गठन वार्षिक चुनाव संपन्न कराने के लिए किया है। विशेष समिति का प्रयास है कि वार्षिक चुनाव जनवरी के अंत तक अनिवार्य रूप से करवा लिए जाएं। अंतिम सूची का प्रकाशन होने के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी के नाम की घोषणा की जाएगी। मुख्य चुनाव अधिकारी ही चुनाव कार्यक्रम घोषित करेंगे। इस बात की पूरी संभावना है कि वार्षिक चुनाव जनवरी माह में ही होंगे। हर बार की तरह इस बार भी मतदान वाले दिन ही देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

Exit mobile version