सरेराह गुंडागर्दी:बेटी का जन्मदिन मनाकर लौट रहे परिवार पर नशे में धुत बदमाशों ने किया चाकुओं से हमला, कार फोड़ी
चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर में नशे में धुत चार बदमाशोें ने कार सवार एक परिवार पर हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक पर चाकुओं से गंभीर वार किए और कार में तोड़फोड़ कर दी। परिवार के सदस्य बच्ची का जन्मदिन मनाकर शनिवार रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी रास्ता रोककर बीच सड़क पर खड़े थे। जब उन्हें साइड में हटने के लिए कहा तो विवाद कर मारपीट करने लगे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर क्षेत्र में जुलूस निकाला। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले फरियादी ने आरोपियों को पीटा था। इसके बाद वे बदला लेने आए थे। एसीपी अन्नपूर्णा नंदिनी शर्मा के अनुसार चंदन नगर पुलिस ने निकिता पति अलकेश गवली निवासी मुन्ना पान वाले की गली की शिकायत पर रोहित निवासी आस्था पैलेस कॉलोनी, पार्थ व भोला उर्फ आयुष निवासी हरिओम नगर और जितेन्द्र निवासी धर्मराज कॉलोनी के खिलाफ चाकूबाजी, पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का केस दर्ज किया है।
गांजा लेने आते हैं आरोपी
उधर, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को जुलूस निकाला। बताया जा रहा है कि आरोपी जहां खड़े थे, वहां एक किराना दुकान वाला सिगरेट में गांजा भरकर बेचता है। आरोपी वहीं से गांजा लेकर नशा कर रहे थे। इधर, पता चला है कि घटना से कुछ घंटे पहले हुए विवाद में आरोपियों को पीटा गया था। इसकी शिकायत करने भी वे थाने गए थे। बाद में उन्होंने बदला लिया और हमला कर दिया।
