इंदौर चुनाव प्रचार थमते ही इंदौर में हत्याकांड हो गया। दो थानों और पुलिस चौकी के बीच यह वारदात हुई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि हत्या दो महीने पुराने विवाद को लेकर हुई है। आरोपियों को समझौता करने के लिए बुलाया गया था। परदेशीपुरा पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब डेढ़ बजे मालवा मिल क्षेत्र की है। हुकुमचंद कॉलोनी निवासी विजय उर्फ रिंकू हार्डिया दो साथी मोनू मराठा और सुरेश मोरे के साथ बैठकर शराब पी रहा था। रिंकू एटीएम कैश वेन चलाता था। करीब दो महीने पूर्व विजयनाथ उर्फ काल भैरव उर्फ राम बच्चा से विवाद हुआ था। शराब पीने के वक्त रिंकू ने कहा आज विजय से समझौता कर लेते है। विजय को कॉल कर कहा कि हम मालवा मिल पर हैं। पुराना झगड़ा समाप्त कर लेते हैं। विजय के न आने पर मोनू और सुरेश तो निकल गए लेकिन शराब ज्यादा पीने के कारण रिंकू चल नहीं पा रहा था। उसने दोस्त हेमंत सिंघाड़े को कॉल लगाया और कहा कि मेरी स्थिति खराब है। मुझे लेने के लिए आना पड़ेगा। थोड़ी देर बाद हेमंत उसे लेने पहुंचा और तभी विजय नाथ अपने साथी यश पांचाल, मयंक पखारे और एक अन्य के साथ आ गया।
आरोपियों ने सबसे पहले रिंकू की जांघ में चाकू मारा। घायल होने के बाद भी रिंकू ने गाड़ी निकालने के लिए कहा लेकिन आरोपितों ने बाइक अड़ा कर रोक लिया और हेमंत पर हमला कर दिया। थोड़ी देर बाद रिंकू के साथी सुरेश और मोनू भी लौटकर आ गए। आरोपी हमला करने के बाद गाड़ियां लेकर भाग गए। गंभीर अवस्था में रिंकू को अस्पताल ले गए लेकिन डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। टीआई पंकज द्विवेदी के मुताबिक हमले में मयंक (आरोपी) भी घायल हुआ है। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची तो मयंक को हिरासत में ले लिया।
