पलासिया थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने शनिवार देर रात पार्किंग में खड़ी करीब 8 कारों के कांच फोड़ दिए और भाग गए। रात में आवाज सुनकर रहवासियों की नींद खुली तब घटना की जानकारी लगी। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर रही है। पलासिया पुलिस के मुताबिक घटना देर रात रवींद्र नगर की है। रात करीब 3 बजे कुछ बदमाशों ने एक के बाद पत्थरों और बेसवाल के डंडों से कारों के कांच फोड़ दिए। घटना की आवाज सुन लोग बाहर आए तो देखा कि पार्किंग में रखी कई कारों के कांच टूटे हुए थे। रहवासियों ने डायल 100 को सूचना दी और दो फरियादियों ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करवाया है। उधर, पुलिस ने आसपास के फुटेज चेक किए तो कुछ बदमाश भागते हुए नजर आए। कुछ बदमाशों को चिह्नित किया है। उनसे पूछताछ के बाद स्थिति साफ होगी।
