ड्यूटी जा रहे निगम कर्मी को बस ने कुचला, 31 को रिटायर हो रहे थे, गाड़ी कंडक्टर चला रहा था

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

गली से बस सर्विस रोड पर आई और सामने आए निगम कर्मचारी को कुचल दिया।

इंदौर | आजाद नगर इलाके में सोमवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे निगम कर्मचारी को एक प्राइवेट बस ने कुचल दिया। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक सहित बस के ऑफिस का पूरा स्टाफ मौके से भाग गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। परिजन का आरोप है कि कंडक्टर बस चला रहा था, उसने आसपास देखा ही नहीं।
पुलिस के अनुसार मृतक का नाम रामप्रसाद मौर्य (60) निवासी पवनपुरी पालदा है। वे मूसाखेड़ी पानी की टंकी पर पदस्थ थे और इसी 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे थे। वे रिंग रोड से ऑफिस जाने निकले थे तभी महाकाल ट्रैवल्स (ओरछा) की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बस चालक आसपास देखे बगैर बस धीरे-धीरे चलाता गया। इस दौरान टक्कर से रामप्रसाद सर्विस रोड के डिवाइडर में घुस गए और बसा चालक उन्हें रौंदता चला गया।
बचने का मौका ही नहीं मिला-प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सर्विस रोड पर एक आैर बस खड़ी थी। चालक को रामप्रसाद नहीं दिखे। स्पीड ज्यादा नहीं थी। ड्राइवर का ध्यान कहीं और था, वर्ना हादसा नहीं होता। सर्विस रोड पर डिवाइडर की दीवार है। इस वजह से रामप्रसाद को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

Exit mobile version