प्रतिबंधित एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले एक बदमाश को क्राइम ब्रांच ने बाणगंगा इलाके से गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 4 लाख रुपए की 40 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली है। आरोपी ने ड्रग्स कार के इंजन में छिपाकर रखी थी। कार भी जब्त कर ली गई।
एडि. डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि तस्कर का नाम मो. साजिद पिता अब्दुल रशीद निवासी सिकंदराबाद कॉलोनी सदर बाजार है। मुखबिर से सूचना मिली थी कि यह कार से ड्रग्स की डिलीवरी देने घूम रहा है। आरोपी साजिद राजस्थान से एमडी ड्रग्स लाकर आजाद नगर, चंदन नगर, जूना रिसाला, खजराना आदि क्षेत्रों में बेचता था। आरोपी पूर्व में भी एमडी ड्रग्स केस में दो बार जेल जा चुका है जेल। आरोपी के महाराष्ट्र में एमडी ड्रग्स माफियाओं से सीधे कनेक्शन हैं। इसकी पूरी लिंक खंगाली जा रही है।
1 करोड़ की फिरौती मांगने वाले से मिली 1 लाख की एमडी ड्रग्स
राजस्थान के भीलवाड़ा में एक सट्टे के बुकी को पिस्टल से धमकाकर 1 करोड़ की फिरौती मांगने वाले बदमाश को क्राइम ब्रांच ने आजाद नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान की जेल में भी रहा है। इसके पास से 1 लाख रुपए की एमडी ड्रग्स मिली है।
पुलिस ने बताया आरोपी का नाम आदिल उर्फ गोलू पिता सलीम खान निवासी सुभाष नगर भीलवाड़ा है। यह आजाद नगर में निगम के कचरा प्लांट के सामने किसी को ड्रग्स की डिलीवरी देने आया था। आरोपी की मां इंदौर में रहती है तो पिता भीलवाड़ा में। आरोपी पर ड्रग्स तस्करी के अलावा हथियार दिखाकर धमकाने का भी आरोप है। भीलवाड़ा में रहने के दौरान इसने अपने साथी सिंकदर के साथ एक सट्टे के बुकी को पिस्टल से गोली मारने की धमकी देकर 1 करोड़ की फिरौती मांगी थी। इसमें दोनों जेल भी गए थे।
