एअरपोर्ट पर पकड़ाए 2 तस्कर:चेन्नई से सोना लेकर दिल्ली करते थे डिलीवरी; फर्जी निकले डॉक्यूमेंट, STF भी पहुंची

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर एअरपोर्ट पर डीआरआई ने सोने की तस्करी की सूचना पर दो यात्रियों को पकड़ा है। जांच करने पर उनके डॉक्यूमेंट भी फर्जी निकले। दोनों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने जांच के बाद दोनों यात्रियों पर फर्जी डॉक्यूमेंट को लेकर केस दर्ज किया है।

एरोड्रम पुलिस के मुताबिक हरिशंकर गुर्जर निवासी छोटा बांगड़दा की शिकायत पर मोहम्मद उमर पुत्र मोहम्मद साबिर निवासी अब्दुल फजल इन्क्लेव जामिया ओखला और जाकिर पुत्र अनवर अली पर 420, 467, 468, 34 के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता गुर्जर ने पुलिस को बताया कि मुखबिरों से सूचना मिली थी कि चेन्नई से इंदौर आ रहे प्लेन नंबर 6E489 से दो संदेही यात्री पहचान छिपाकर सोने की तस्करी कर रहे हैं। अफसरों ने दोनों यात्रियों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि दोनों ने पहचान छिपाकर वोटर आईडी कार्ड से छेड़छाड़ कर नकली आधार बनवा लिया है।
दोनों के पास से मोहम्मद नदीम पुत्र मोहम्मद युसुफ और अनिकेत पुत्र ओम प्रकाश शर्मा, आमिर खान पुत्र अल्लाउद्दीन सैफी के नाम से बनवाए गए नकली आधार कार्ड बरामद किए गए। इस मामले में एसटीएफ भी आरोपियों से पूछताछ के लिए पहुंची है। मामले में केंद्र सरकार की जांच एजेंसियां भी पूछताछ करेंगी।

चेन्नई से लाते थे सोना, दिल्ली देते थे
आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वे सोने की तस्करी करते हैं। चेन्नई से बिना बिल का सोना लेकर आते हैं और इंदौर के रास्ते दिल्ली चले जाते हैं। उन्हें तस्करी के बदले कमीशन मिलता है। दिल्ली में वे किसे सोना देते थे इसके बारे में जानकारी अभी नहीं लगी है। दिल्ली की एजेंसी को भी इस बारे में बताया गया है। पकड़े गए आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। फिलहाल कुछ समय से दिल्ली में रह रहे थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पास से अभी सोना जब्त नहीं हुआ है। इसलिए अभी उनसे और पूछताछ की जाएगी।

Exit mobile version