इंस्टाग्राम पर नाबालिग से दोस्ती फिर रेप:आरोपी ने कहा- बालिग होने पर कहीं और शादी न कर लो इसलिए बनाए संबंध

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर की एमआईजी पुलिस ने 17 साल की नाबालिग की शिकायत पर उसके 31 साल के दोस्त के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया है। परिवार के लोगों ने दोनों की शादी को रजामंदी दे दी। लेकिन इसके बाद भी आरोपी पीड़ित नाबालिग से संबंध बनाकर मोबाइल बंद कर भाग गया। पीड़िता ने लगातार उससे संपर्क किया लेकिन उसने कोई रिप्लाई नहीं दिया। परेशान होकर वह थाने पहुंची और केस दर्ज करा दिया। एमआईजी पुलिस से एक नाबालिग लड़की की शिकायत पर शुभम पुत्र भगवान दास मेहरा निवासी बर्फानी धाम पर रेप सहित अन्य मामलों में केस दर्ज कराया है। पीड़िता के मुताबिक अप्रैल 2022 में उसकी पहचान शुभम से इंस्टाग्राम से हुई थी।
उसने एलआईजी में एक कैफे पर मिलने बुलाया। यहां मुलाकात के बाद हमारी पहचान और बढ़ गई। हम दोनों साथ में घूमने-फिरने लगे। इंदौर से बाहर भी गए। शुभम ने कहा कि वह शादी करना चाहता है। परिवार के लोगों को यह बात बताई तो वे मान गए। लेकिन कहा कि नाबालिग होने की बात पर परिवार ने कहा कि बालिग होने के बाद ही शादी हो सकेगी।
5 फरवरी 2024 को शुभम घर पर आया। उस समय घर पर कोई नहीं था। यहां संबंध बनाने की बात कही। कहा कि तुम मुझे छोड़कर कहीं नहीं जाओ। इसलिये मैं संबंध बना रहा हूं। इसके बाद कई बार वह घर आया और उसने इसी तरह से संबंध बनाए।
18 मई को शुभम घर आया, संबंध बनाए और चला गया। इसके बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया। परेशान होकर शुभम के घर गई और उसकी मां मिली। वे कहने लगीं हमें नहीं पता। इसके बाद से मैं लगातार उसे ढूंढ रही हूं। वह शादी की बात कर धोखा देकर गायब हुआ है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद मामले में शुभम मेहरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version