दूसरी मंजिल पर रहने वाली महिला बेटे को चौथी मंजिल पर ट्यूशन छोड़ने गई थी, इतने देर में हो गई वारदात।
इंदौर। बीस मिनट के लिए फ्लैट सूना छोड़ना महंगा पड़ गया। दरवाजे का नकूचा तोड़कर चोर लाखों के आभूषण और रुपये चुरा ले गए। चोरों ने महिला को ताला लगाते हुए देख लिया था। महिला ने भी चोरों को आते देखा लेकिन नजरअंदाज कर निकल गई। आरोपितों के सीसीटीवी फुटेज मिल गए है।
घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र में सिमरन सनसाइन सोसायटी पिपल्याकुमार की है। पुलिस ने सौरभ विनोद पटेल की शिकायत पर केस दर्ज किया है। सौरभ का कारों का वर्कशाप है। पत्नी नेहा शनिवार दोपहर करीब पौने चार बजे दूसरी मंजिल से बेटे को ट्यूशन छोड़ने चौथी मंजिल पर गई थी। बीस मिनट बाद लौटी तो फ्लैट का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारियों का सामान बिखेर दिया था। अलमारी से आभूषण और रुपये चुरा लिए थे।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले
सौरभ के मुताबिक, नेहा जब फ्लैट में ताला लगा रही थी, तब टोपी पहने बदमाश सामने से निकले थे। उसे लगा मल्टी में कोई आया होगा। सीसीटीवी फुटेज से पता चला वो चोर था। उसने दूसरी मंजिल पर रहने वाले नर्मदा झाबुआ बैंक के अफसर आशीष शर्मा के फ्लैट से भी आभूषण और रुपये चुराए है। पुलिस ने सोसायटी का डीवीआर जब्त कर लिया है।
