इंदौर में नाबालिग लड़की से अभद्रता, भाई को पीटा:दो सगे भाई मां पर बना रहे घर खाली करने का दबाव, केस दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के लसूडिया में हिंदू जागरण मंच के लोगों ने दो सगे भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों पर नाबालिग लड़की से अभद्रता, उसके भाई व मां से मारपीट कर मकान बेचने का दबाव बनाने का आरोप है।
पीड़िता के मुताबिक आरोपी कुछ समय पहले ही घर के पीछे वाले मकान में रहने आए हैं। दोनों आए दिन महिला और उसके परिवार को धमकाते हैं। गुरुवार रात इस बात को लेकर उन्होंने विवाद किया। नाबालिग की सूचना पर हिंदू जागरण मंच के लाेग वहां पहुंचे और महिला को थाने लेकर गए।
टीआई तारेश सोनी के मुताबिक स्कीम नंबर 78 में रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने दीन मोहम्मद और उसके भाई पर मारपीट,धमकी और अभद्रता के मामले में केस दर्ज किया है। महिला ने बताया कि उनके पति नहीं है। वह खुद का व्यापार करती हैं। आरोपियों ने कुछ माह पहले ही उनके घर के पीछे वाला मकान खरीदा है। आरोपी पीड़ित परिवार को आए दिन गालियां देते हैं।
गुरुवार को घर के पिछले दरवाजे से वह निकलकर जा रही थी। तभी आरोपी ने धमकाया। बेटा-बेटी बीच में आए तो बेटे के साथ मारपीट कर बेटी से अभद्रता की। पीड़िता ने हिंदू जागरण मंच के लोगों से मदद मांगी। महिला ने बताया कि दीन मोहम्मद और उसका भाई मकान खाली कराने के लिए यह सब कर रहे हैं। उन्हें थाने जाने की बात पर जान से मारने की धमकी देते हैं। इसके बाद पीड़िता के साथ हिंदू जागरण मंच के लोग थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया है। पुलिस दोनों भाइयों की तलाश कर रही है।

TAGGED:
Exit mobile version