- हर बार की तरह इंदौर ने इस बार भी कई नवाचार किए। इनमें वेस्ट टू आर्ट, 3-आर और प्लास्टिक मुक्त इंदौर शामिल हैं।
इंदौर। स्वच्छता में लगातार छह बार देशभर में पहले नंबर पर रहने वाले इंदौर इस बार स्वच्छता का सातवां आसमान छुना लगभग तय है। शुक्रवार शाम तक इस पर मुहर लग सकती है। हर बार की तरह इंदौर का दावा इस बार भी मजबूत ही है। इसकी वजह है कि हर बार की तरह इंदौर ने इस बार भी कई नवाचार किए। इनमें वेस्ट टू आर्ट, 3-आर और प्लास्टिक मुक्त इंदौर शामिल हैं।
एक बड़ी बात यह भी है कि इंदौर के पास सेवन स्टार शहर का तमगा है। यानी स्वच्छता मार्किंग में सेवन स्टार के लिए तय 1375 अंक हमें मिलना तय हैं। इसके अलावा इंदौर के पास वाटर प्लस सिटी का पुरस्कार भी है। इसके लिए निर्धारित 1125 अंक भी मिलना तय है।
स्वच्छता सर्वैक्षण रैकिंग 11 जनवरी को दिल्ली में घोषित होना है, लेकिन जिन शहरों को पुरस्कृत किया जाना होता है उन्हें एक सप्ताह पहले ही रिहर्सल के लिए सूचना दे दी जाती है। इंदौर में अधिकारियों को पूरी उम्मीद है कि शुक्रवार शाम तक उन्हें रिहर्सल के लिए फोन आ जाएगा।
ये है मजबूत दावे की वजह
-इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण 9500 अंक का है। हमारा दावा इसलिए मजबूत था क्योंकि हमें सेवन स्टार के 1375 और वाटर प्लस सिटी के लिए 1125 यानी 2500 अंक मिलना तय हैं।
कचरा कलेक्शन के लिए सर्वे में 1600 अंक निर्धारित थे। इंदौर के डोर टू डोर कचरा कलेक्शन सिस्टम को देशभर में माडल सिस्टम के रूप में पहचाना जाता है। इंदौर के पास देश का सबसे बड़ा बायो सीएनजी प्लांट भी है। इस प्लांट में कचरे से तैयार होने वाली सीएनजी का इस्तेमाल सिटी बसों में किया जा रहा है। कचरे के निबटान के लिए सर्वे में 1910 अंक रखे गए थे। इंदौर को कचरा कलेक्शन और कचरा निबटान के अंक मिलने में भी कोई खास दिक्कत नहीं आई।
-सफाई मित्र सुरक्षा के लिए 1320 अंक रखे गए थे। इंदौर को ये अंक भी आसानी से मिल जाएंगे क्योंकि इंदौर में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा के लिए जोन कार्यालयों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इसके अलावा कई योजनाएं भी लागू की गईं हैं।
सर्वेक्षण में सर्टिफिकेशन (दस्तावेजीकरण) के 2500 अंक रखे गए हैं। इंदौर के दस्तावेजीकरण को आदर्श माना जाता है। ऐसे में ये अंक भी इंदौर को मिलना तय थे।
ये हैं अंकों का ब्यौरा
कचरा कलेक्शन 1600
कचरे का निबटान 1910
सफाई मित्र सुरक्षा 1320
सर्टिफिकेशन 2500
सेवन स्टार 1375
वेस्ट से इनोवेशन 200
स्वच्छ एप 100
स्वच्छ वार्ड रैकिंग 320
लोगों का फीडबैक 600
वाटर प्लस 1125
