आगजनी की घटना:थाने में खड़ी पुरानी कार में था सिलेंडर, उसमें आग लगने से 7 कारें जलकर खाक

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

आगजनी की घटना:थाने में खड़ी पुरानी कार में था सिलेंडर, उसमें आग लगने से 7 कारें जलकर खाकशहर में दो जगह आग की घटनाएं हुई हैं। दोनों में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया है। एरोड्रम थाना परिसर में शुक्रवार देर रात जब्ती की कारों में आग लग गई। स्टाफ ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। एक घंटे के प्रयास के बाद आग बुझा ली गई। हालांकि, घटना में 7 अन्य कारें चपेट में आईं। इसके बाद शनिवार सुबह कोठारी मार्केट स्थित एक कचौरी की दुकान में आग लग गई। यह दुकान भी खाक हो गई, आग ने पास स्थित एक और दुकान को भी चपेट में ले लिया, वहां ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। एरोड्रम टीआई राजेश साहू के अनुसार देर रात 1.30 बजे एक जवान ने पीछे खड़ी कारों में आग देखी तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी। शनिवार को हमने जांच की तो पता चला कि यहां जब्त कर रखी गई कारों में एक पुरानी कार ऐसी भी थी, जिसमें एलपीजी सिलेंडर लगा हुआ था जो डिसएबल नहीं किया गया था। उसका तार भी गर्मी में पिघल गया था, इस वजह से आग लगी। यहां लंबे समय से अलग-अलग प्रकरणों में जब्त कारें खड़ी हैं। सभी कारों के टायर और सीटें जल गई हैं।
शॉर्ट सर्किट से कचौरी की दुकान में आग लगी, कपड़ा दुकान को भी चपेट में लिया
उधर , शनिवार सुबह कोठारी मार्केट क्षेत्र में स्थित मित्तल कचौरी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे पास की एक कपड़ा दुकान भी चपेट में आ गई। कचौरी की पूरी दुकान जलकर नष्ट हो गई। फायर ब्रिगेड के अनुसार घटना सुबह 6 बजे की है। कचौरी दुकान के संचालक प्रज्ज्वलित ने बताया कि उनकी दुकान नंबर-41 में धुआं निकलने लगा था। इस दौरान दुकान बंद थी। शटर के नीचे से धुआं निकला देख लोगोंे ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग में दुकान का सामान, काउंटर खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि पास में स्थित भारत क्लाथ स्टोर में भी धुआं पहुंचा था। यहां के संचालक श्रीचंद ने बताया कि धुएं से थोड़ा सामान खराब हुआ है। यह अच्छा रहा कि लपटें दुकान में नहीं पहुंचीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, कचौरी संचालक ने आशंका जताई कि घटना शॉर्ट सर्किट से हुई होगी, क्योंकि उस वक्त दुकान बंद थी।

Exit mobile version