द्वारकापुरी क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को 3 महीने से एक बदमाश परेशान कर रहा था। युवती ने बातचीत बंद कर उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की बात कही तो वह नशा कर सोमवार देर रात उसके घर जा पहुंचा। मोहल्ले में हंगामा कर उसे गालियां देकर बदनाम किया। वह उसे समझाने आई तो सरेराह छेड़छाड़ करने लगा। उसके पिता बचाव में आए तो उन्हें लात मार गिरा दिया। फिर युवती को एसिड अटैक की धमकी देने लगा। पीड़िता के पिता ने फोेन किया तो पुलिस मौके पर पहुंची। मौके से आरोपी अमन कश्चप निवासी घनश्यामदास नगर को पकड़ा। वह पुलिस के सामने ही युवती और उसके परिवार को लगातार धमकाता रहा। उस पर छेड़छाड़, मारपीट व धमकाने का केस दर्ज किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया पर हुई थी। चैटिंग होने लगी तो वह मिलने आया।
तब लगा कि यह आदमी ठीक नहीं है, इसलिए बात करना बंद कर दिया। 3 महीने से वह उसके कॉलेज आने-जाने के दौरान पीछा कर परेशान करने लगा। रास्ता रोकने लगा। जब युवती ने विरोध जताया तो जान से मारने की धमकी देने लगा। टीआई आशीष सप्रे ने बताया कि युवती ने एसिड अटैक की बात एफआईआर में नहीं लिखवाई है। आरोपी को जमानत मिल गई है।
युवती के 164 में आज होंगे बयान
घटना की बात से आरोपी की धमकी को लेकर युति और उसका परिवार सदमे में है। पुलिस अधिकारी युवती को बुधवार को कोर्ट में पेश कर उसके 164 में बयान करवाएंगे। इधर, टीआई ने युवती को ढांढस बंधाया है कि वह घबराए नहीं, आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
