- पुलिस ने बिजनौर गैंग से 31 लाख रुपये कर सोना बरामद किया है। आरोपियों ने 10 स्थानों पर चोरी की थी।
- बिजनौर कर गैंग का भंडाफोड़
- आरोपियों से 10 स्थानों पर की थी चोरी
- आरोपियों से पूछताछ जारी
इंदौर। सूने मकानों से चोरी करने वाली बिजनौर की गैंग से पुलिस ने 31 लाख रुपये कीमती सोना बरामद कर लिया है। आरोपियों ने दस स्थानों से लाखों रुपये कीमती सोना चुराना स्वीकारा है। तेजाजी नगर, राऊ, राजेंद्र नगर और एरोड्रम थाना की पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी जोन-1 विनोद कुमार मीना के मुताबिक आरोपी मेहबूब हमीद खान निवासी दौलताबाद (बिजनौर), मोहम्मद रियाज, मोहम्मद सलमान और हीना खान है। मूलत: बिजनौर (यूपी) के रहने वाले सभी आरोपी नायता मुंडला क्षेत्र में किराए से रहते है और सैलून और रेस्त्रां में काम करते है।
आरोपी सूने मकानों में रेकी कर रात में चोरी कर लेते थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया। थाना प्रभारी करणदीप सिंह के मुताबिक आरोपियों ने तेजाजी नगर में राजकुमार,घनश्यामदास, विजय आदि के मकानों में चोरी की है।
चोरी के बाद बिजनौर भाग जाते थे आरोपी
इसी गैंग ने राऊ, राजेंद्र नगर और एरोड्रम थाना क्षेत्र की घटनाओं में शामिल होना स्वीकारा है। पुलिस ने आरोपियों से 31 लाख रुपये कीमती सोना बरामद किया है। आरोपियों ने बताया कि चोरी करने के बाद बिजनौर भाग जाते थे। सोना ठिकाने लगाने के बाद लौट कर आते थे। हीना की मदद से सराफा में चोरी का सोना बिकवाते थे।
