17 वर्षीय सुजल पटेल की बुधवार को सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। वह 12वीं का रिजल्ट देखने स्कूल जा रहा था। सुजल की मौत से बेखबर स्कूल वालों ने बताया उसको 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक मिलें है। हादसे से स्वजन की हालत खराब है।गुरुवार को शव का पीएम करवाया गया है।
घटना शाम करीब सात बजे गोम्मटगिरी स्थित गौशाला के सामने की है। किसान दिनेश पटेल का बेटा सुजल नगीन नगर (चंदननगर) स्थित निजी स्कूल में 12वीं में पढ़ता था। बुधवार को ही उसका रिजल्ट आया था। शाम को वह दोस्त के साथ बाइक से स्कूल जा रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार से कार आई और सुजल की बाइक को टक्कर मारते हुए निकल गई। कार का पहिया सुजल के सिर के ऊपर से निकल गया।संयोग से उसके पीछे-पीछे दिनेश पटेल भी चल रहे थे।
भीड़ देखकर रुके तो देखा सुजल ही बेहोश पड़ा है। तत्काल निजी अस्पताल ले गए लेकिन उसकी मौत हो गई। सुबह स्वजन स्कूल पहुंचे तो बताया सुजल को 80 प्रतिशत से ज्यादा अंक मिले है। वह पढ़ने में होशियार था। गुरुवार सुबह गांधीनगर पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
