इंदौर में एक अधेड़ शख्स ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इसके पीछे कारण यह बताया जा रहा है कि वह समूह लोन वालों के रिमाइंडर कॉल्स से परेशान था। एजेंट उसके घर भी पैसा वसूलने आए थे। वह लोन नहीं चुका पा रहा था। घटना वाले दिन उसने बेटी को रिश्तेदार के घर भेजा और खुद जहर खाकर खुदकुशी कर ली।
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र की घटना
52 वर्षीय विनोद परसराम ने दी जान।
लोन की किश्तें ना चुका पाने से था परेशान
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाले 52 वर्षीय विनोद परसराम ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। विनोद पर कर्जा था। समूह लोन वाले किस्त का तकादा कर रहे थे। मरने के बाद काॅल आ रहे थे। घर वालों ने घटना बताई तो कहा तूम झूठ बोल रहे हो। पुलिस के मुताबिक विनोद की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। दो दिन पूर्व भी एजेंट ऋण वसूलने आए थे। विवाद होने पर रहवासियों ने घेर लिया और घर से भगा दिया। इसके बाद फोन कर धमकाने लगे। शुक्रवार को विनोद ने बेटी को साले रवि देवड़ा के घर भेजा और कहा चार घंटे बाद आना। बेटी तीन घंटे बाद घर पहुंची तो विनोद मृत अवस्था में मिला।
शनिवार को शव का एमवाय अस्पताल में पीएम करवाया। इस दौरान भी रवि के मोबाइल में महिला ने ऋण मांगने के लिए काल लगा दिया। स्वजन ने कहा विनोद मर गया है। शव एमवाय अस्पताल में रखा है। महिला ने कहा कर्जा न चुकाना पड़े इसलिए तूम झूठ बोल रहे हो।
