भारत वर्ल्ड कप फाइनल जीता, इंदौर में जश्न:राजवाड़ा पर आतिशबाजी, मिठाइयां बंटी, मंत्री विजयवर्गीय भी शामिल हुए

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

भारत ने वर्ल्ड कप फाइनल जीतकर दुनिया में सिरमौर बन गया है। भारत के 176 रनों का टारगेट दक्षिण अफ्रीका पूरा नहीं कर सकी और धराशायी हो गई। टीम इंडिया के बल्लेबाज विराट कोहली और गेंदबाजों के जोरदार प्रदर्शन से भारत विजेता बन गया। भारत के विजयी होते ही शहर में जश्न शुरू हो गया। राजवाड़ा की स्थिति ऐसी रही कि शहर के हिस्सों से वहां लोग पहुंचने लगे और हर ओर का रोड जाम हो गए। इससे घंटों तक लोग फंसे रहे। अधिकांश तो राजवाड़ा पहुंच ही नहीं सके। देर रात मंत्री कैलाश विजयवर्गीय राजवाड़ा पहुंचे और गाडी खड़े होकर काफी देर तक तिरंगा लहराते रहे और लोगों का उत्साहवर्धन किया। फिर कुछ देर बाद वाहन की छत पर ही बैठे और लोगों के साथ खुशियां बांटी। उनके पीछे पुत्र पूर्व ‌विधायक आकाश विजयवर्गीय भी एक कार की छत पर सवार होकर तिरंगा लहराते रहे।
पूर्वी शहर में बंगाली कॉलोनी चौराहा, कनाड़िया पत्रकार चौराहा, पलासिया, रीगल तक युवाओं के समूह ढोल लेकर नाचते गाते रहे। वहीं पश्चिम क्षेत्र में बड़ा गणपति पर लोग जुटे। आतिशबाजी हुई। एयरपोर्ट रोड, कलानी नगर, संगम नगर सहित कई इलाकों में पटाखे फोड़े गए। कॉलोनियों, मोहल्लों और सड़कों पर धूम शुरू हो गई। इस दौरान जमकर पटाखे फूटे, मिठाइयां बंटी। मुख्य सड़कों और राजवाड़ा पर युवाओं का समूह निकल पड़ा। राजवाड़ा पर तो पैर रखने तक की जगह नहीं थी। लोग ने खूब डांस किया और तिरंगा लहराकर जश्न में डूबे रहे। भारत की जीत के साथ ही चाणक्यपुरी और अन्नपूर्णा मंदिर के सामने 10 मिनट तक आतिशबाजी हुई। इसके बाद रैली के रूप में लोग राजवाड़ा पहुंचे। कई लोग तो अलग-अलग टोलियों के रूप में जश्न मना रहे थे। कोई ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर निकला तो कोई अपनी कार और दोपहिया वाहन से जीत के जुनून में डूबा था। बीआरटीएस पर भंवरकुआं चौराहे से लेकर विजय नगर, देवास नाके तक रात साढ़े 12 बजे वाहनों का ऐसा नजारा था जैसे शाम को होता है। सभी के अंदर जीत का उत्साह था। यह क्षेत्र 24 घंटे खुला रहने के कारण यहां तो रात 3 बजे तक जश्न मनता रहा। राजवाड़ा सहित कई क्षेत्रों में जश्न में डूबे लोगों को पुलिस ने समझाइश देकर घर भेजा।

Exit mobile version