- नाबालिग आरोपित ने रोबोट चौराहा स्थित एक मोबाइल दुकान से चुराए थे 16 मोबाइल।
इंदौर। विजय नगर थाना पुलिस ने रात में बंद दुकानों से मोबाइल चोरी करने वाले आरोपितों को सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनसे 11 मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपित नशे के लिए चोरी करते थे।
पुलिस के मुताबिक, दुकान से मोबाइल चोरी के प्रकरण की जांच के दौरान एक संदेही के बारे में जानकारी मिली। उसके घर जाकर पूछताछ की तो घरवालों से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद मुखबिर से चर्चा करने पर उसने संदेही का संजीवनी नगर में ही होना बताया। जब संदेही नाबालिग को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने मोबाइल चुराना कबूल लिया। उसने रोबोट चौराहे के पास एक मोबाइल दुकान के पीचे लगी लोहे की चादर उखाड़कर 16 महंगे मोबाइल चुराए थे। उसके पास से तीन मोबाइल जब्त हुए हैं।
परिचितों को सस्ते में बेच दिए थे मोबाइल
नाबालिग आरोपित ने परिचित सुनील को चार, राजेश को चार मोबाइल सस्ते दामों में बेच दिए थे। पुलिस ने 16 में से 11 मोबाइल जब्त कर लिए हैं। शेष पांच मोबाइल आरोपित राजेश के मामा को बेचना बताया है, जिसकी तलाश करने के लिए टीम रवाना की गई है। जब्त मोबाइलों की कीमत दो लाख से अधिक बताई जा रही है। आरोपित ने पूछताछ में नशे के लिए चोरी की वारदातें करना बताया है।
