एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। युवक ने सुसाइड क्यों किया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। कोई सुसाइड नोट सामने नहीं आया है। एमआईजी थाना पुलिस के अनुसार आंबेडकर नगर में किराए से रहने वाले मोनिष वर्गीस ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वो केमिकल कंपनी में नौकरी करता था। मूल रूप से केरला का रहने वाला था। शुक्रवार सुबह उसकी पिता से फोन पर बात हुई थी। पिता ने रात को फोन लगाया तो उसने फोन नहीं उठाया। पुलिस रूम पर पहुंची तो दरवाजा बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो वो अंदर फंदे पर लटका था। दो साल पहले उसका पत्नी से तलाक हो गया था।
वहीं बाणगंगा थाना पुलिस के अनुसार वृंदावन कॉलोनी में रहने वाले दिनेश सिसोदिया की एसिड पीने से मौत हो गई। पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में उसने एसिड पी लिया था। उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
