- धोखाधड़ी, टूर का झांसा देकर 62 लाख की धोखाधड़ी की और लापता हो गया आरोपित।
इंदौर। अन्नपूर्णा पुलिस ने ट्रेवल संचालक महेंद्रसिंह मंड पर केस दर्ज किया। वो कईं दिनों से लापता है। 62 लाख रुपये की धोखाधड़ी में फंसा आरोपित यात्रियों को फर्जी वीजा और टिकट भी बना चुका है। पीड़ितों का आरोप है कि उसका बेटा सेबी भी गिरोह में शामिल है। रुपये मांगनें पर बैंक की फर्जी रसीदें बनाई थी। एसआइ देवेंद्र मिश्रा के मुताबिक अमृत टूर एंड ट्रेवल (लार्ड कृष्णा अपार्टमेंट) संचालक महेंद्रसिंह मंड के विरुद्ध राजीव जैन निवासी तिलक नगर ने शिकायत दर्ज करवाई थी। राजीव से बात हुई थी कि 80 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से दुबई टूर करवाएगा। वीजा, टिकट, रुकने की व्यवस्था और खाना-पीना भी इसमें शामिल है। राजीव ने संपर्कों के माध्यम से 165 लोगों की बुकिंग की। इंदौर,अहमदाबाद और उदयपुर के अलग-अलग टूर तैयार किए और मंड को रुपये जमा करवा दिए। आरोपित ने पहले तो दूतावास बंद होने का बहाना बनाया। बाद में फर्जी वीजा और टिकट बना कर दे दिए।
काफी दबाव के बाद कुछ लोगों को दुबई भेजा लेकिन बाद में होटल कैंसिल कर दी। यात्रियों ने राजीव जैन की शिकायत की तो उन्होंने कर्जा लेकर टूर करवाया। जैन का आरोप है कि उसने दुबई से काल लगाया तो मंड के बेटे सेबी ने कहा कि उसके पापा आत्महत्या की कोशिश कर चुके है। सेबी ने रुपये देने का आश्वासन दिया और बैंक की फर्जी रसीद भी भेज दी। इंदौर आने पर मंड लापता हो गया। उसके स्वजन ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। शनिवार को मामले में एफआइआर दर्ज कर पुलिस ने भी तलाश शुरू कर दी।
