प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को इंदौर में मीडिया से बातचीत करते हुए इलेक्टोरल बांड के मसले पर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को आड़े हाथों लिया।
दिग्विजय सिंह बोले कि अब प्रधानमंत्री मोदी की पोल खुलती जा रही है। जिस तरह सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और इलेक्शन कमीशन को इलेक्टोरल बॉन्ड उजागर करने के लिए बाध्य किया है, उससे सारी हकीकत देश के सामने आ रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि मोदी के शासन में कला धन वापस नहीं आया बल्कि और अधिक देश से बाहर चला गया।
खबर मध्य प्रदेश ने जब उनसे प्रदेश में कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने के लिए नेता ना होने के भाजपा के आरोप पर सवाल किया तो वे बोले कि कांग्रेस में नेताओं की कमी नहीं, बल्कि चुनाव लड़ना चाह रहे नेता ज्यादा हैं, इसलिए हमें फैसला लेने में समय लगा है।
इतना ही नहीं, कांग्रेस के नेताओं के बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने ईडी व आईटी को राजनैतिक हथियार बना रखा है। विरोधी नेताओं को डरा धमकाकर भाजपा ज्वाइन करवाई जा रही है।
इस दौरान दिग्विजय सिंह यह भी बोले कि देश में जातिगत जनगणना होना आवश्यक है।
