परदेशीपुरा क्षेत्र की घटना:पूजन सामग्री फेंकने गया युवक पैर फिसलने से 70 फीट गहरे कुएं में गिरा, एसडीआरएफ की टीम ने रस्सी बांधकर निकाला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


पूजन सामग्री फेंकने गया एक युवक पैर फिसलने से हुकुमचंद मिल परिसर स्थित 70 फीट गहरे कुएं में गिर गया। पुजारी की सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम और पुलिस ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर युवक को जिंदा बाहर निकाल लिया। युवक को तैरना नहीं आता था, वह कुएं में स्थित पत्थर पकड़कर खड़ा रहा। परदेशीपुरा टीआई पंकज द्विवेदी के अनुसार सर्वहारा नगर निवासी दीपक अनूठे (40) पिता मांगीलाल को रविवार शाम रेस्क्यू कर कुएं से निकाला। बताया जा रहा है कि दीपक के घर मान (मन्नत) का कार्यक्रम था, इसलिए वह पूजन सामग्री फेंकने के लिए शाम करीब 4 बजे कुएं पर गया था। सामान फेंकने के दौरान उसका पैर फिसला और वह सीधे 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा।
कुएं में करीब 10 फीट तक पानी और कचरा था। दीपक को तैरना नहीं आता था, इसलिए वह एक पत्थर को पकड़कर एक कोने में खड़ा रहा। दीपक के चिल्लाने पर समीप ही रहने वाले मंदिर के पुजारी विजय दास महाराज ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। फिर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।
युवक सीढ़ी पर चढ़ नहीं सका तो सिपाही को उतारा, रस्सी के सहारे ऊपर खींचा
पहले कुएं में सीढ़ी डालकर युवक को निकालने की कोशिश की, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी जब युवक सीढ़ी पर चढ़ नहीं पा रहा था तो सिपाही शत्रुघ्न पटेल को एक अन्य रस्सी के जरिए कुएं में उतारा। फिर शत्रुघ्न ने दीपक की कमर में रस्सी बांधकर उसे ऊपर चढ़ाया। कुछ दूरी ऊपर चढ़ने के बाद युवक थक गया और दोनों हाथ छोड़ दिए। वह तो गनीमत रही कि रस्सी कमर में बंधी रही। टीम के सदस्यों ने धीरे-धीरे रस्सी ऊपर खींची। आखिरकार युवक को बचा लिया। कुएं से बाहर आने के बाद भी युवक काफी देर तक बेसुध ही बैठा रहा।
-अविनाश दिनकर, एसआई एसडीआरएफ

Exit mobile version