ड्रेनेज घोटाले में फरार इमरान खान SIT की गिरफ्त में, पौने दो करोड़ का किया था घोटाला

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

डीसीपी जोन-3 पंकज पांडे के मुताबिक, जूनी कसेरा बाखल निवासी इमरान खान की फर्म क्रिस्टल इंटरप्राइजेस ने भी फर्जी हस्ताक्षर और टेंडर फार्म द्वारा करीब पौने दो करोड़ रुपये प्राप्त किए थे।
इंदौर। ड्रेनेज घोटाले में शामिल एक अन्य आरोपित इमरान खान को एसआइटी ने पकड़ लिया। आरोपित ने फर्जी बिल लगाकर पौने दो करोड़ का घोटाला किया था। इस आरोपित की गिरफ्तारी से उन 20 फाइलों के मिलने का रास्ता साफ हो गया जो दो महीने पूर्व इंजीनियर सुनील गुप्ता की कार से चोरी हुई थी।
डीसीपी जोन-3 पंकज पांडे के मुताबिक, जूनी कसेरा बाखल निवासी इमरान खान की फर्म क्रिस्टल इंटरप्राइजेस ने भी फर्जी हस्ताक्षर और टेंडर फार्म द्वारा करीब पौने दो करोड़ रुपये प्राप्त किए थे। आरोपित ने वर्ष 2018 में ड्रेनेज कार्य करना दर्शाया और एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अभय राठौर के माध्यम से फर्जीवाड़ा किया। एफआइआर की सूचना मिलते ही आरोपित घर से फरार हो गया।
गुरुवार रात पुलिस ने इमरान की पत्नी, साढ़ू और साले को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पत्नी ने बताया कि इमरान से गुप्त नंबर पर बात चल रही थी। पत्नी ने पुलिसकर्मियों से बात करवाई और कहा कि उसके कारण रिश्तेदार परेशान हो रहे हैं।
शुक्रवार को इमरान खुद घर पहुंच गया और पुलिसकर्मी उसे थाने ले आए। पुलिस अब इमरान के साथी मौसम व्यास को ढूंढ रही है। मौसम की फर्म ईश्वर इंटरप्राइजेस में भी पौने दो करोड़ का फर्जीवाड़ा हुआ है। जांच में शामिल अफसरों के मुताबिक, इमरान का करीबी रिश्तेदार आशु खान भी फरार चल रहा है।
आशु पर शक है कि उसने घोटाले से संबंधित 20 फाइलें इंजीनियर सुनील गुप्ता की कार से चुराई है। गुप्ता ने मार्च में फाइलें चोरी होने की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। उधर पुलिस ने आरोपित अभय राठौर को शुक्रवार दोपहर रिमांड समाप्त होने पर दोबारा कोर्ट में पेश किया और 21 मई तक रिमांड पर ले लिया।

Exit mobile version