एक अन्य घटनाक्रम में नारकोटिक्स डीआईजी महेशचंद्र जैन के शासकीय वाहन को कार चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। नुकसान से गुस्सा कार चालक ने ओवरटेक कर डीआइजी की कार रोकी और लाइट फोड़ दी। उसने कार से टामी निकालकर डीआइजी पर हमले का प्रयास भी किया। जैन एसपी और ट्रैफिक डीसीपी रह चुके हैं। घटना खजराना थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर की है। नारकोटिक्स विंग में पदस्थ डीआइजी महेशचंद्र जैन अरबिंदो अस्पताल से स्टार चौराहा तरफ जा रहे थे। जैसे ही रेडिसन होटल वाला चौराहा पार किया उनकी कार (एमपी 03ए 8998) को कार (एमपी 09सीटी 0643) ने पीछे से टक्कर मार दी।
डीआईजी की कार आरक्षक सूरज यादव चला रहा था। सूरज ने गाड़ी आगे बढ़ाई मगर कार चालक ने ओवरटेक कर गाड़ी रोक ली। दो युवक उतरे और सूरज से अभद्रता करने लगे। गाली देने से मना करने पर एक युवक कार से टामी लेकर आया और डीआईजी पर हमले की कोशिश की। उसने गुस्से में डीआईजी की कार की बायीं तरफ की हेड लाइट फोड़ दी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और कार लेकर फरार हो गए।
