कांग्रेस की बैठक में विवाद:सह प्रभारी के सामने चले लात-घूंसे

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

चिंटू चौकसे समर्थकों ने यूथ कांग्रेस आईटी सेल के शहर अध्यक्ष को पीटा
कांग्रेस की दो दिनी विधानसभावार बैठक के पहले ही दिन गुरुवार को मारपीट हो गई। विधानसभा-2 की बैठक में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे समर्थकों ने यूथ कांग्रेस आईटी सेल के शहर अध्यक्ष दीपक सोनवने और कार्यकर्ता बसंत कुशवाह के साथ मारपीट की। प्रदेश के सहप्रभारी संजय दत्त पहली बार इंदौर आए थे।
उनके सामने ही लात-घूंसे चले। सोनवने ने नेता प्रतिपक्ष चौकसे पर आरोप लगाया कि उन्होंने पुरानी रंजिश के कारण मुझसे मारपीट की। कहा- मेरी पसली में लातों से मारा, मुंह पर भी चोट आई। वहीं, चौकसे समर्थक सोनू चौहान को भी सिर में चोट आई, खून निकला। दोनों पक्षों से जुड़े लोग पंढरीनाथ थाने पहुंचे। बैठक में जिला प्रभारी अवनीश भार्गव, सहप्रभारी सोमिल नाहटा और गजेंद्र सिसौदया भी मौजूद थे।
सोशल मीडिया पोस्ट से थे नाराज, बोलते ही विवाद
कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि बैठक में कार्यकर्ता बसंत कुशवाह ने कहा कि आम कार्यकर्ताओं को भी बोलने दिया जाए। इसी बात पर विवाद शुरू हुआ। सोनवने ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा था कि बैठक के दौरान विधानसभा-2 की लंबी हार पर चर्चा होगी। इसी को लेकर चौकसे समर्थकों में नाराजगी थी।
चिंटू चौकसे ने मेरी पसली पर लातों से मारा। चौकसे ने ही मेरा पार्षद का टिकट काटा था। विधानसभा में 1.07 लाख से हारे है, इनके खिलाफ कुछ बोलो, लिखो तो धमकियां मिलती है।

  • दीपक सोनवने, यूथ कांग्रेस, आईटी सेल शहर अध्यक्ष
    सोनवने मेरा छोटा भाई है। कार्यकर्ताओं का आपसी विवाद था जिसे सुलझा लिया गया। विवाद में जो मेरा नाम सामने आ रहा हैं वह पूरी तरह गलत है।
  • चिंटू चौकसे, नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम
Exit mobile version