इंदौर से कर सेवकों को लेकर आस्था स्पेशल ट्रेन अयोध्या के लिए रवाना

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

जय जय सियाराम, जय श्री राम के नारों के साथ इंदौर से हजारों की संख्या में कर सेवक, आरएसएस, विहिप, बजरंग दल, भाजपा कार्यकर्ता अयोध्या के लिए रवाना हुए। करीब 23 संगठनों के 1450 से ज्यादा कार्यकर्ता और कारसेवक आस्था स्पेशल ट्रेन से राम जन्मभूमि के लिए रवाना हुए। बेहद धार्मिक, जोशीले और उत्साहजनक माहौल में ये कार्यकर्ता स्पेशल ट्रेन से रवाना हुए।

राम जन्मभूमि आंदोलन के समय सक्रिय भूमिका निभाने और आंदोलन में शामिल रहे हजारों कार्यकर्ता इंदौर से अयोध्या के लिए रवाना हुए। श्री राम जन्मभूमि पर ये कार्यकर्ता नवनिर्मित दिव्य भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। रेल मंत्रालय द्वारा चार दिन के टूर की स्पेशल ट्रेन की विशेष व्यवस्था की गई है। इसमें मालवा प्रांत के 28 जिलों के महिला पुरुष कार्यकर्ताओं को लेकर ट्रेन ने प्रस्थान किया। रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर हुए कार्यक्रम में आरएसएस के मालवा प्रांत कार्यवाह विनीत नवाथे, सद्गुरु दत्त पारमार्थिक ट्रस्ट की डॉ आयुषी, संत समाज और विहिप, बजरंग दल के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इसे ऐतिहासिक और भावुक पल बताया।

श्री रामलला के दर्शन के लिए जाने वाले करसेवकों, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। सभी का कहना था कि उन्होंने अपने आराध्य को सालों तंबू में देखा था और यह दिल दुखाने वाला मंजर रहा था.. लेकिन अब उनके आराध्य का भव्य दिव्य मंदिर बना है और इसे लेकर वह बहुत उत्साहित और भावुक है।

महिला पुरुष कार्यकर्ता स्टेशन से ही समूह के साथ ढोल-मंजीरे बजाते हुए भजन-कीर्तन करते नजर आए। प्लेटफार्म पर सभी कार्यकर्ताओं, कारसेवकों का स्वागत, सम्मान कर विदाई दी गई। बता दें कि इंदौर, उज्जैन, नागदा, रतलाम से भी कार्यकर्ता ट्रेन में चढ़ेंगे.. इसके बाद झांसी -कानपुर-लखनऊ होते हुए ट्रेन 05 फरवरी को शाम 5.30 अयोध्या पहुंचेगी। यहां उप्र सरकार और विश्व हिंदू परिषद ने कारसेवक पुरम में सभी कार्यकर्ताओं के रुकने, ठहरने की व्यवस्था की है। सभी कारसेवक, कार्यकर्ता 06 फरवरी सुबह 06 बजे राम मंदिर में मंगला आरती में सम्मिलित होंगे। उसी ट्रेन से छह फरवरी को शाम 5.30 पर प्रस्थान कर सात फरवरी को शाम 4.30 पर उज्जैन तथा 7.30 तक इंदौर लौटेंगे।

- Advertisement -
Exit mobile version