इंदौर के लसूड़िया में एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले मोबाइल नंबर मांगा। इसके बाद इंस्टाग्राम आईडी देने के लिए दबाव बनाने लगा। छात्रा ने अपने परिचित को यह बात बताई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया।
पुलिस के मुताबिक 18 साल की युवती की शिकायत पर पुलिस ने निलेश गोयल, निवासी एरोड्रम रोड, सुखदेव नगर के खिलाफ छेड़छाड़ करने और जबरदस्ती नंबर मांगने का दबाव बनाने के मामले में केस दर्ज किया है। पीड़िता अपनी बहन के साथ अग्रसेन भवन में शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थी। यहां आरोपी उसे काफी देर तक घूरता रहा।
शादी समारोह खत्म होने के बाद दोपहर में करीब 4 बजे निलेश उसके पास आया और मोबाइल नंबर मांगने लगा। छात्रा से उसकी बहस हो गई। इस दौरान उसने हाथ पकड़कर छात्रा को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद आरोपी ने कहा कि चल नंबर नहीं देना चाहती तो इंस्टाग्राम आईडी दे दे। हाथ छुड़ा कर छात्रा अपने परिचित युवक के पास पहुंची। निलेश की हरकत की जानकारी दी। निलेश से जब छात्रा के परिवार के लोगों ने बात की तो उसने सभी को धमकाया और विवाद करने लगा। इसके बाद परिवार के लोग थाने पहुंचे और निलेश के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज करा दिया।
