इंदौर में नाबालिग के धर्म परिवर्तन की कोशिश:हिंदूवादी संगठन के साथ थाने पहुंच पिता ने की शिकायत; केस दर्ज करने की मांग

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर के लसूडिया थाने पर एक व्यक्ति ने पत्नी और 13 साल के बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई है। हिंदू जागरण मंच के लोगों को जानकारी मिली कि एक युवक उन्हें अपने साथ लेकर गया है। इंदौर में पहले एक धार्मिक स्थल पर साथ रखने के बाद हिंदू संगठन के लोगों द्वारा ढूंढने की जानकारी पर उसे भोपाल ले गया।
हिंदू जागरण मंच के लोगों ने मामले में केस दर्ज करने की बात की। जिसमें पुलिस ने बच्चे के बयान के बाद बुधवार को कार्रवाई की बात कही है।
लसूडिया थाने पर पहुंचे हिंदू जागरण मंच के राजकुमार टेटवाल और मानसिंह ने बताया कि 25 नवंबर को रविदास नगर से एक महिला और उसका 13 साल का बेटा लापता हुआ। महिला के पति ने लसूडिया थाने पर सूचना दी। इस दौरान पता चला कि वह किसी अब्दुल नाम के व्यक्ति के साथ गई है। पहले दोनों को एक धार्मिक स्थल पर धर्म परिवर्तन के लिए ले जाया गया। यहां बच्चे को भी कई तरह के लालच दिए गए। लेकिन, बच्चे ने धर्म परिवर्तन की बात से इनकार कर दिया। फिर दो दिन बाद 27 नवंबर को बच्चे और उसकी मां को भोपाल ले जाया गया।
यहां कुछ लोगों ने उसका ब्रेनवॉश किया। उसे रूपए देने की बात भी कही गई। लेकिन बच्चा वहां भी पिता के पास जाने की जिद करने लगा। जिसके बाद आरोपी बेटे को 29 नवंबर को घर के बाहर छोड़ कर चले गए। यहां बेटे ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। इस पर पिता ने हिंदू संगठन के लोगो से मदद मांगी।
हिंदूवादियों के मुताबिक, बच्चे ने घर पहुंचने के बाद पिता को घटना की पूरी जानकारी दी। अब्दुल ने उनकी मां के साथ दुष्कर्म भी किया। महिला 8 दिसंबर को अपने मायके पहुंची। पति ने वहां जाकर उससे पूछताछ की तो पहले उसने रिश्तेदार के यहां जाना बताया। इसके बाद उसने पति को बताया कि अब्दुल नाम का व्यक्ति उसे अपने साथ लेकर गया था।
देर रात थाने पहुंचे हिंदू जागरण मंच के लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। टीआई तारेश सोनी ने मामले में आवेदन लेने के बाद जांच की बात कही है।

Exit mobile version